सोमा मुंडा हत्याकांड के विरोध में झारखंड बंद का लोहरदगा में रहा आंशिक असर

भास्कर न्यूज|लोहरदगा लोहरदगा, सोमा मुंडा हत्याकांड के विरोध में आहूत झारखंड बंद का लोहरदगा जिले में आंशिक असर देखने को मिला। बंद के दौरान जहां कुछ इलाकों में बाजार और व्यावसायिक प्रतिष्ठान आंशिक रूप से बंद रहे, वहीं शहर के अधिकांश हिस्सों में सामान्य दिनों की तरह आवागमन सुचारू रूप से जारी रहा। बड़ी बसें और लंबी दूरी की गाड़ियां चलने से यह स्पष्ट रहा कि बंद का असर पूरी तरह नहीं पड़ा। सुबह के समय शहरी क्षेत्र के कुछ छोटे-बड़े दुकानदारों ने एहतियातन दुकानें बंद रखीं, लेकिन दोपहर बाद अधिकांश बाजार खुल गए और सामान्य गतिविधियां शुरू हो गईं। दवा दुकानें, सब्जी बाजार और दैनिक उपयोग की दुकानों में खरीदारी होती रही। कई निजी प्रतिष्ठान खुले रहे, जबकि कुछ दुकानदारों ने स्वेच्छा से बंद का समर्थन किया। यातायात व्यवस्था पर बंद का सीमित प्रभाव पड़ा। पटना, गया, गुमला और रांची से लोहरदगा आने-जाने वाली कुल 60 से 70 बसों में से लगभग 50 से 55 बसें संचालित होती रहीं। लंबी दूरी की बसों और अंतरजिला वाहनों के परिचालन से यात्रियों को अधिक परेशानी नहीं हुई। शहर के भीतर ऑटो, टेंपो और निजी वाहनों का परिचालन सामान्य दिनों की तरह चलता रहा। रेलवे सेवाएं भी पूरी तरह सामान्य रहीं। खास बात यह रही कि किसी भी आदिवासी संगठन द्वारा शहरी क्षेत्र में बंद को लेकर सड़कों पर उतरने या जबरन बंद कराने का प्रयास नहीं किया गया। कहीं भी चक्का जाम, पथराव या तोड़फोड़ की सूचना नहीं मिली। इससे शहर में आम लोगों का दैनिक जीवन लगभग सामान्य बना रहा। हालांकि, बंद के समर्थन में कुछ संगठनों और सामाजिक कार्यकर्ताओं ने प्रतीकात्मक रूप से विरोध दर्ज कराया। उन्होंने सोमा मुंडा हत्याकांड में आरोपियों की शीघ्र गिरफ्तारी, निष्पक्ष जांच, पीड़ित परिवार को मुआवजा और दोषियों को कड़ी सजा देने की मांग दोहराई। प्रदर्शनकारियों का कहना था कि यह मामला केवल एक व्यक्ति की हत्या का नहीं, बल्कि आदिवासी समाज की सुरक्षा और सम्मान से जुड़ा हुआ है। शिक्षण संस्थानों में भी बंद का सीमित असर देखा गया। अधिकांश निजी स्कूल-कॉलेज खुले रहे, हालांकि छात्रों की उपस्थिति कुछ कम रही। सरकारी कार्यालय, बैंक और डाकघर खुले रहे और कामकाज सामान्य रूप से चलता रहा, लेकिन ग्राहकों की संख्या अपेक्षाकृत कम रही। बंद को लेकर जिला प्रशासन पूरी तरह सतर्क रहा। संवेदनशील स्थानों पर पुलिस बल की तैनाती की गई थी। सोमा मुंडा हत्याकांड के विरोध में बुलाए गए झारखंड बंद का लोहरदगा में आंशिक असर ही देखने को मिला।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *