स्कूली बच्चों ने कार्ड बनाकर नर्सों को भेंट की

भास्कर न्यूज |गुमला लोहरदगा रोड स्थित बचपन प्ले स्कूल और बीटीएलके पब्लिक स्कूल के छोटे-छोटे बच्चों ने अंतर्राष्ट्रीय नर्स दिवस के अवसर पर मानवता की सेवा में जुटी नर्सों के प्रति अपना स्नेह और कृतज्ञता व्यक्त की। कक्षा 5 और 6 के उत्साहित विद्यार्थियों ने आज गुमला के सदर अस्पताल का दौरा किया। इन बच्चों ने अपनी प्यारी नर्स दीदियों को रंग-बिरंगे फूलों के गुलदस्ते भेंट किए और अपने हाथों से बनाए गए सुंदर कार्ड देकर उनके अथक परिश्रम और समर्पण के प्रति आभार व्यक्त किया।वहीं, बचपन प्ले स्कूल के एलकेजी के नन्हे मुन्ने भी इस विशेष अवसर पर पीछे नहीं रहे। उन्होंने गोकुलनगर स्थित एडवांस केयर हॉस्पिटल पहुंचकर वहां की नर्स दीदियों को प्यार भरे फूल और सम्मान के प्रतीक कार्ड अर्पित किए। इन छोटे बच्चों ने अपनी मासूमियत से नर्सों के महत्वपूर्ण कार्यों के प्रति अपना सम्मान प्रदर्शित किया। विद्यालय में भी नर्सों के महत्व को बच्चों तक पहुंचाने के लिए विशेष प्रयास किए गए। शिक्षिकाओं अर्पिता राय, पल्लवी गोस्वामी और सोनल रानी ने रोचक कहानियों और छोटे नाटकों के माध्यम से बच्चों को बताया कि नर्सें हमारे समाज के लिए कितनी महत्वपूर्ण हैं। प्राइमरी स्कूल के छात्रों ने इस विषय पर खुलकर चर्चा की और अपने जीवन में नर्सों के अमूल्य योगदान को समझा।यह सर्वविदित है कि एक बच्चे के जीवन में नर्सों का सहयोग उसके जन्म के समय से लेकर शुरुआती छह-सात वर्षों तक निरंतर बना रहता है। इसके बाद भी, जीवन के हर कठिन मोड़ पर और बुढ़ापे में भी नर्सें अपनी सेवा भावना से हमारी देखभाल करती हैं। बचपन प्ले स्कूल और बीटीएल पब्लिक स्कूल का मानना है कि पूरे समाज को इन निस्वार्थ सेवाभावी नर्सों के कार्यों को सम्मान और धन्यवाद देना चाहिए। बच्चों द्वारा किया गया यह छोटा सा प्रयास इसी भावना को दर्शाता है।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *