डूंगरपुर की चौरासी विधानसभा क्षेत्र के भंडारी सीनियर स्कूल के बच्चों के साथ ग्रामीणों ने सड़क पर जाम लगा दिया। इससे दोनों ओर गाड़ियों की कतारें लग गई। बच्चे स्कूल से 8 शिक्षकों को हटाने का विरोध कर रहे हैं। वहीं खाली पदों को भरने की मांग कर रहे हैं। राजकीय उच्च माध्यमिक स्कूल भंडारी के स्टूडेंट्स और गांव के लोग गुरुवार को गांव के मुख्य सड़क पर आकर बैठ गए। लोगों ने सड़क पर जाम लगा दिया और जमकर नारेबाजी के साथ विरोध जताया। इससे रोड के दोनों ओर गाड़ियों की लाइनें लग गई और आने जाने वाले वाहन सवारों को परेशानी का सामना करना पड़ा। स्कूल में 12वीं कक्षा में पढ़ने वाली छात्रा सूरज डामोर, प्रियंका डामोर, पिंकी डामोर और रोशनी डामोर ने बताया कि 2 साल पहले स्कूल क्रमोन्नत हुआ है, लेकिन इसके बाद से आज तक टीचर नहीं है। जो शिक्षक पढ़ा रहे थे। उनको भी हटा दिया है, जबकि 2 महीने बाद ही बोर्ड की परीक्षाएं हैं। ऐसे में उनका कोर्स और पढ़ाई कैसे पूरी होगी। वहीं हाईवे जाम होने की सूचना पर धंबोला पुलिस मौके पर पहुंची। स्कूल के स्टूडेंट्स और गांव के लोगों ने हटाए गए शिक्षकों को वापस लगाने के साथ ही खाली पदों को भरने की मांग कर रहे हैं। वहीं इस मांग के पूरे नहीं होने तक जाम नहीं हटाने की मांग पर अड़े हुए हैं। शिक्षा विभाग के अधिकारियों के मौके पर पहुंचने पर बच्चों और लोगों से वार्ता होगी। राजकीय उच्च माध्यमिक स्कूल भंडारी में रिक्त पद भरने की मांग करते हुए स्टूडेंट्स ने सड़क जाम कर दी है। स्कूल में नामांकन 362 है। कुल पद स्वीकृत 16 हैं। 8 टीचरों को हटाया गया है। जिसमें लेवल 1 के 5, लेवल 2 के 3 शिक्षक हैं। अंग्रेजी, हिंदी और संस्कृत के शिक्षक शामिल हैं।


