स्पीड ब्रेकर से असंतुलित हो बाइक सवार गिरा, पीछे आ रहे तेल टैंकर ने कुचला, मौत

लुधियाना-बठिंडा हाईवे पर इंडियन एयरफोर्स स्टेशन हलवारा के डोमेस्टिक कैंप गेट के सामने बने बेतरतीब और गैर कानूनी स्पीड ब्रेकर ने बुधवार रात एक और जिंदगी छीन ली। रात करीब 9 बजे पक्खोवाल निवासी 35 वर्षीय मनदीप वर्मा अपनी बाइक से मुल्लांपुर की तरफ से हलवारा लौट रहे थे कि अचानक स्पीड ब्रेकर पर उनका संतुलन बिगड़ा और वह सड़क पर गिर पड़े। पीछे से आ रहे एक तेल टैंकर ने उन्हें कुचल दिया और कई मीटर तक घसीटता हुआ ले गया। मौके पर ही उनकी मौत हो गई। स्थानीय निवासी पुनीत गुलाटी ने बताया कि ये स्पीड ब्रेकर सुरक्षा कारणों से एयरफोर्स की मांग पर पीडब्ल्यूडी ने बनाए थे, लेकिन ये बिल्कुल नियमों के विरुद्ध और बिना किसी चेतावनी चिह्न के बनाए गए हैं। हादसे के बाद ट्रक ड्राइवर और उसका साथी फरार हो गए, जिन्हें ग्रामीणों ने पीछा कर पकड़कर सुधार पुलिस को सौंप दिया। मृतक के रिश्तेदार अश्वनी कुमार ने बताया कि मनदीप पक्खोवाल में सुनार की दुकान चलाते थे। शाम को भाई के ससुराल मुल्लांपुर गए थे और लौटते समय यह दर्दनाक हादसा हो गया। मनदीप के परिवार में पत्नी, दो बेटियां और एक बेटा है। सड़क सुरक्षा फोर्स के जवान आकाशदीप सिंह ने बताया कि शव सुधार अस्पताल में रखा गया है और पोस्टमार्टम के बाद परिजनों को सौंपा जाएगा। थाना सुधार प्रभारी गुरदीप सिंह के मुताबिक, टैंकर ड्राइवर और उसके साथी के खिलाफ केस दर्ज कर वाहन जब्त कर लिए गए हैं। गौरतलब है कि एयरफोर्स स्टेशन की अफसर कॉलोनी से लेकर मुख्य गार्ड रूम तक सड़क पर 5 गैर कानूनी स्पीड ब्रेकर बने हुए हैं। स्थानीय लोगों का कहना है कि इनकी वजह से आए दिन हादसे होते हैं और कई बार प्रशासन से इन्हें हटाने की अपील की गई, लेकिन वर्षों से कोई कार्रवाई नहीं हुई।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *