स्मार्ट मीटर लगाने गए पावरकॉम कर्मियों पर उपभोक्ता ने किया हमला, तीन घायल

भास्कर न्यूज | अमृतसर शहर के करीब 20 हजार उपभोक्ताओं के घरों में साल 2022 से बिजली मीटर खराब लगे हुए हैं, जिन्हें बदलने के निर्देश बॉर्डर जोन के चीफ इंजीनियर देसराज बांगड़ की ओर से शनिवार को दिए गए। निर्देशों का पालन करते हुए गोपाल नगर सब डिवीजन में तैनात जेई कुलदीप शर्मा, लाइनमैन कुलवंत सिंह, महिंदर सिंह, 2 कंप्लेंट हैंडलिंग बाइक कर्मचारी शनिवार शाम करीब 4 बजे फेयर लैंड कॉलोनी में पहुंचे। यहां एक उपभोक्ता के खराब बिजली मीटर की जगह स्मार्ट बदलने के लिए पहुंचे। उसी दौरान उपभोक्ता अपने 2 बेटों और एक अन्य रिश्तेदार के साथ मौके पर पहुंचा और डंडों से पावरकॉम कर्मियों पर हमला कर दिया। हमलावरों ने लाइनमैन कुलवंत सिंह और महिंदर सिंह पर डंडे बरसाए। जिन्हें बचाने जब जेई कुलदीप आगे आए तो उन्हें भी घायल कर दिया। कर्मचारियों ने किसी तरह वहां से भाग कर अपनी जान बचाई। हमलावरों ने कर्मचारियों के 2 मोटरसाइकिल, एक स्कूटी और 10 मीटर छीन लिए। इसके बाद उन्होंने एक्सईएन इंजी. मनोहर सिंह को सारी बात बताई। घायल कर्मचारियों ने चौकी फैजपुर में जाकर उपभोक्ता के खिलाफ लिखित शिकायत दी। पुलिस ने घायलों को अपना मेडिकल करवाने सिविल अस्पताल भेजा। घायल जेई कुलदीप ने बताया कि उपभोक्ता खुद को पुलिस वाला बता रहा था। इसकी सूचना जब गोपाल नगर सबडिवीजन के कर्मचारी को चली तो वह एकजुट होकर सिविल अस्पताल पहुंचे। इस संबंध में एक्सइएन इंजी. मनोहर सिंह का कहना है कि सरकारी काम में विघ्न डालने और कर्मचारियों के साथ मारपीट करने को लेकर उपभोक्ता पर मामला दर्ज करवाया जाएगा। पुलिस ने उपभोक्ता के पास से 10 बिजली मीटर, बाइक एक्टिवा भी बरामद कर लिए हैं। फिलहाल इस घटना को लेकर पावरकॉम कर्मचारियों में रोष पाया जा रहा है। बिजली कर्मचारियों का कहना है कि जेई ने अपना एक्सरे करवाया है, जिसमें उनकी नाक की हड्डी टूटी हुई है। वही दोनों लाइनमैन के शरीर पर चोट के निशान पाए गए हैं। कर्मचारियों का कहना है अगर आरोपी हमलावरों के खिलाफ कार्रवाई नहीं हुई तो संघर्ष का रास्ता अपनाया जाएगा। कर्मचारियों पर हमला करने वाले आरोपियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जानी चाहिए।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *