स्वच्छ सर्वेक्षण-2024…राष्ट्रपति के हाथों अंबिकापुर को मिला स्वच्छता अवॉर्ड:​​​​​​​3 लाख की आबादी के सुपर स्वच्छ लीग में अंबिकापुर नंबर-1, फिर 5 स्टार का दर्जा

छत्तीसगढ़ के अंबिकापुर नगर निगम को स्वच्छता सर्वेक्षण-2024 में 50 हजार से 3 लाख की जनसंख्या वर्ग में देशभर में प्रथम स्थान मिला है। अंबिकापुर ने एक बार फिर 5 स्टार शहर का दर्जा मिला है। विज्ञान भवन, नई दिल्ली में आयोजित भव्य पुरस्कार समारोह में राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने अंबिकापुर निगम को सम्मानित किया। अंबिकापुर की ओर से यह पुरस्कार अवसर पर केंद्रीय राज्यमंत्री तोखन साहू, नगरीय प्रशासन मंत्री अरूण साव, महापौर मंजूषा भगत और नगर निगम आयुक्त डी.एन. कश्यप संयुक्त रूप से लिया। अंबिकापुर शहर सुपर स्वच्छ लीग में शामिल किया गया है। यह भारत सरकार की तरफ से उन शहरों के लिए आरंभ की गई एक विशेष लीग है, जो पिछले वर्षों में स्वच्छ सर्वेक्षण में निरंतर असाधारण प्रदर्शन कर रहे हैं। लगातार 5-स्टार और टॉप पर बना अंबिकापुर स्वच्छ सर्वेक्षण 2024 में अतिरिक्त मानदंडों के आधार पर अंबिकापुर नगर निगम का मूल्यांकन किया गया। इस मूल्यांकन में अंबिकापुर ने अपनी श्रेणी में शीर्ष स्थान हासिल किया है। साथ ही, अम्बिकापुर नगर को “गार्बेज फ्री सिटी” अभियान के अंतर्गत दोबारा 5-स्टार रेटिंग भी मिली है। क्या है सुपर स्वच्छ लीग सुपर स्वच्छ लीग शहरों के स्वच्छता मानकों, जनभागीदारी, कचरा प्रबंधन, और सतत सफाई व्यवस्था में श्रेष्ठता प्राप्त शहरों को मान्यता प्रदान करती है। सुपर स्वच्छ लीग में शहरों की रैंकिंग नहीं की जाती, बल्कि प्रदर्शन के आधार पर चयन किया जाता है। आगामी स्वच्छ सर्वेक्षण में इस विशेष लीग में बने रहने के लिए नगर निकायों को कम से कम 85 प्रतिशत स्कोर हासिल करना होता है और शीर्ष 20 शहरों में स्थान बनाए रखना आवश्यक है। सीएम साय ने उपलब्धि पर दी बधाई मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने इस उपलब्धि पर हर्ष व्यक्त करते हुए कहा कि “अंबिकापुर की यह सफलता पूरे प्रदेश के लिए गर्व की बात है। यह पुरस्कार आम नागरिकों की सहभागिता और स्वच्छता कर्मियों की मेहनत का परिणाम है।” नगरीय प्रशासन मंत्री ने भी नगर निगम की टीम को बधाई देते हुए कहा कि यह उपलब्धि छत्तीसगढ़ के अन्य नगर निकायों को भी प्रेरणा देगी। महापौर मंजूषा भगत ने कहा कि अम्बिकापुर की जनता, नगर निगम के अधिकारी-कर्मचारी और स्वच्छता टीम की सतत मेहनत का ही परिणाम है कि आज हमारा शहर राष्ट्रीय स्तर पर सम्मानित हुआ है। यह हम सभी के लिए गर्व और प्रेरणा का क्षण है। कलेक्टर विलास भोस्कर ने नगर निगम अंबिकापुर को सुपर स्वच्छ लीग में प्रथम स्थान प्राप्त करने पर बधाई और शुभकामनाएं देते हुए कहा कि, यह सम्मान नगर निगम की टीम, स्वच्छता दीदियों, जनप्रतिनिधियों और नागरिकों के सामूहिक प्रयासों का परिणाम है। नगर निगम आयुक्त डीएन कश्यप ने कहा कि, अंबिकापुर में ठोस अपशिष्ट प्रबंधन की आधुनिक व्यवस्था, प्लास्टिक प्रतिबंध, स्वच्छता जागरूकता और पर्यावरणीय संतुलन पर विशेष ध्यान दिया गया है, जिसके सकारात्मक परिणाम सामने आए हैं। अम्बिकापुर की यह राष्ट्रीय उपलब्धि अब छत्तीसगढ़ के अन्य नगर निकायों के लिए एक मॉडल के रूप में देखा जा रही है। ये रहे उपस्थित इस सम्मान समारोह के अवसर पर सभापति हरमिंदर सिंह टिन्नी, एमआईसी सदस्य श्वेता गुप्ता सहित नगर निगम के एसबीएम नोडल अधिकारी रितेश सैनी, अवधेश पांडेय, दुष्यंत बजाज, प्रशांत खुल्लर, स्वच्छता दीदी शशिकला सिन्हा एवं ज्ञानलता कुजूर भी उपस्थित थे।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *