स्वास्थ्य विभाग जालंधर की समय पर कार्रवाई:बाढ़ प्रभावित क्षेत्र की गर्भवती महिला ने सिविल अस्पताल में बच्चे को दिया जन्म

भास्कर न्यूज | जालंधर सिविल सर्जन डॉ. गुरमीत लाल के निर्देश अनुसार स्वास्थ्य विभाग की ओर से ब्लॉक मेहतपुर के बाढ़ प्रभावित गांव कंग साहबू बेईं में विशेष मेडिकल कैंप लगाया गया। इस दौरान स्वास्थ्य विभाग जालंधर की टीम की समय पर कार्रवाई के चलते इस बाढ़ प्रभावित क्षेत्र की एक गर्भवती महिला ने सिविल अस्पताल में बच्चे को सुरक्षित जन्म दिया। इस विशेष कैंप के दौरान 31 मरीजों की ओपीडी की गई और लोगों को स्वास्थ्य टीम की ओर से क्लोरीन की गोलियां वितरित की गईं। कैंप के दौरान 4 गर्भवती महिलाओं का एएनसी चेकअप किया गया। इनमें से एक गर्भवती महिला को समय पर एम्बुलेंस के माध्यम से सिविल अस्पताल जालंधर भेजा गया, जहां उसने सुरक्षित तरीके से एक बच्चे को जन्म दिया। मां और बच्चा दोनों स्वस्थ हैं। सिविल सर्जन डॉ. गुरमीत लाल ने स्वयं अस्पताल पहुंच कर मां और बच्चे की सेहत के बारे में जानकारी प्राप्त की और स्वास्थ्य टीम के प्रयासों की सराहना की। उन्होंने कहा कि स्वास्थ्य विभाग की ओर से बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों में लोगों की भलाई के लिए हर संभव प्रयास जारी रहेंगे। इस अवसर पर उनके साथ जिला परिवार भलाई अधिकारी डॉ. रमन गुप्ता, ज़िला टीकाकरण अधिकारी डॉ. राकेश चोपड़ा, डिप्टी एमईआईओ तरसेम लाल और असीम शर्मा मौजूद थे।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *