हजारीबाग टाउन स्टेशन से कोलकाता व दिल्ली के लिए जल्द मिल सकती है ट्रेन

हजारीबाग टाउन स्टेशन होकर कोलकाता और दिल्ली के लिए ट्रेन के शुरू होने की संभावनाएं बढ़ गई हैं। वही कोडरमा रांची रेल लाइन के दोहरीकरण को लेकर भी बड़ी खबर आ सकती है। इस मामले में हजारीबाग सांसद मनीष जायसवाल निरंतर प्रयासरत है। बहुत जल्द कई सौगातें हजारीबाग टाउन स्टेशन को मिलने जा रही है। खबर है कि आसनसोल हटिया ट्रेन का विस्तार हावड़ा तक हो सकता है। इससे हजारीबाग के हजारीबाग टाउन बरही और गिरिडीह जिले के जमुआ राजधनवार न्यू गिरिडीह स्टेशन से हावड़ा के लिए सीधी ट्रेन उपलब्ध हो जाएगी। हम आपको बता दें कि हटिया आसनसोल इंटरसिटी अभी बहुत ही लोकप्रिय ट्रेन है। छात्रों और आम रेल यात्रियों के लिए वरदान की तरह है। इस ट्रेन के हावड़ा तक विस्तार हो जाने से कोलकाता के लिए तो सीधी ट्रेन अवश्य मिल जाएगी। बता दें कि दक्षिण पूर्व रेलवे मुख्यालय कोलकाता ने कुछ ट्रेनों के मार्ग परिवर्तित करके हजारीबाग टाउन होकर चलाने का प्रस्ताव रेल बोर्ड को भेजा था। इसके अतिरिक्त रांची से कटरा वैष्णो देवी तक सीधी ट्रेन चलाने का प्रस्ताव भी शामिल है।ट्रेन सुविधाओं में विस्तार को लेकर सांसद मनीष जायसवाल द्वारा स्पष्ट संकेत देने के बाद लोगों की खुशी बढ़ गई है। गया मुंबई ट्रेन के फेरों में वृद्धि की भी निरंतर मांग उठ रही है। एक आरटीआई कार्यकर्ता के जवाब में रेलवे ने बताया है की मुंबई वाली ट्रेन का हजारीबाग टाउन स्टेशन से पिछले 6 माह में करीब 64 लाख रुपए सिर्फ रिजर्व टिकट से राजस्व की प्राप्ति हुई है। इसमें अगर गैर आरक्षित श्रेणी के टिकट को शामिल कर दिया जाए और सलाना आकलन किया जाए तो डेढ़ करोड़ रुपए सिर्फ एक साप्ताहिक ट्रेन से आमदनी हजारीबाग टाउन से होगी। इस रूट में अभी तीन एक्सप्रेस ट्रेन है। जिसमें वंदे भारत 6 दिन, इंटरसिटी 5 दिन और मुंबई सुपरफास्ट एक दिन। हजारीबाग में बेहतर रेल सुविधाएं विकसित हो इस बाबत सांसद ने लगातार प्रयास किए हैं। संसद में भी सवाल कई बार उठा चुके हैं। रेल मंत्री से मिलकर भी इन्होंने हजारीबाग संसदीय क्षेत्र की समस्याओं को प्रमुखता से रखा है। इधर ट्रेन शुरू होने से यात्रियों का समय व पैसे की बचत होगी।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *