हजारीबाग पुलिस ने कटकमदाग थाना क्षेत्र में हुई दो लूट की वारदातों का खुलासा किया है। पुलिस ने चार आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में भेज दिया है। एसपी अंजनी अंजन ने बताया कि 9 सितंबर को डामोडीह सीएसपी सेंटर में हुई पहली वारदात में तीन अपराधियों ने महिला संचालिका खिलवंती कुमारी से 2 लाख 52 हजार रुपए लूटे थे। अपराधी दो एटीएम कार्ड, तीन पासबुक, दो चेक, सीएसपी सेंटर का आईडी कार्ड और मोबाइल चार्जर भी ले गए थे। मैनेजर से 56 हजार रुपए लूटे गए थे दूसरी वारदात 25 जुलाई को हुई थी। इसमें मिडलैंड माइक्रोफाइनेंस लिमिटेड के कलेक्शन मैनेजर से 56 हजार रुपए लूटे गए थे। पकड़े गए आरोपियों ने दोनों वारदातों को अंजाम देने की बात स्वीकार की है। गिरफ्तार आरोपियों में अंकित कुमार, प्रवीण कुमार, सुजीत कुमार गिरी और लक्ष्मण पासवान शामिल हैं। इनकी निशानदेही पर पुलिस ने एक देसी कट्टा, दो मोटरसाइकिल और 39,500 रुपए नगद बरामद किए हैं। एसपी ने बताया कि सभी आरोपियों का आपराधिक इतिहास है। हजारीबाग के विभिन्न थानों में इनके खिलाफ मामले दर्ज हैं। उन्होंने लोगों से संदिग्ध गतिविधियों की सूचना तुरंत पुलिस को देने की अपील की है।


