भास्कर न्यूज | हजारीबाग शेख भिखारी मेडिकल कॉलेज हॉस्पिटल के प्रिंसिपल डॉक्टर एसके सिंह ने अपने कक्ष में एक बैठक कर अचानक बड़ा फेर बदल कर दिया है। सदर अस्पताल से मेडिकल कॉलेज हॉस्पिटल में उत्क्रमित होने के बाद से पिछले 7 सालों से डिप्टी सुपरिंटेंडेंट की भूमिका में रहे डॉक्टर एके सिंह को वित्तीय जिम्मेदारी से बाहर कर दिया गया है। कहा गया िक मेडिकल कॉलेज हॉस्पिटल में डिप्टी सुपरिंटेंडेंट जैसा कोई पद नहीं है। इसलिए इस पदनाम का कोई भी व्यक्ति यहां पदस्थापित नहीं है। अब वरीय चिकित्सक के रूप में मेडिकल कॉलेज हॉस्पिटल में काम करेंगे। जबकि अस्पताल के 10 वरीय चिकित्सकों के कंधों पर ऑफिशियल जिम्मेदारी भी सौंपी गई है। अब अस्पताल के चिकित्सकीय प्रबंधन की जिम्मेदारी को छोड़कर वित्तीय प्रबंधन में भी अपनी भूमिका निभाएंगे। प्रिंसिपल डॉक्टर एसके सिंह की अध्यक्षता में आयोजित हुई बैठक में डॉ. हिमांशु कुमार भैया, विभागाध्यक्ष, औषधि विभाग, डॉ. मृगेंद्र कुमार राय, विभागाध्यक्ष सर्जरी विभाग, डॉ. क्षितिज आंनद, विभागाध्यक्ष शिशु रोग विभाग, डॉ. बिनोद कुमार, विभागाध्यक्ष, पैथोलॉजी विभाग, डॉ. उत्कृष्ट कान्त, सह प्राध्यापक, सर्जरी विभाग, डॉ. सुमेधा राणा, सह प्राध्यापक, सर्जरी विभाग, डॉ. अभिषेक कुमार, सहायक प्राध्यापक, सर्जरी विभाग और डॉ. सोमा उरांव, सह प्राध्यापक, औषधि विभाग उपस्थित हुए। । निर्णय लिया गया कि सदर अस्पताल, हजारीबाग अगस्त 2019 से उत्क्रमित शेख भिखारी मेडिकल कॉलेज अस्पताल के रूप में परिवर्तित हो चुका है एवं अस्पताल में उपाधीक्षक का पद सृजित नहीं है। अर्थात इस पदनाम पर कोई भी व्यक्ति पदस्थापित नहीं है। इसलिए डॉ. अजय कुमार सिंह, चिकित्सा पदाधिकारी (वरीय), सदर अस्पताल, हजारीबाग सह उत्क्रमित शेख भिखारी मेडिकल कॉलेज अस्पताल को तत्काल प्रभाव से शेख भिखारी मेडिकल कॉलेज अस्पताल के सभी प्रकार के वित्तिय कार्य से मुक्त करने का निर्णय लिया गया। जबकि जन्म-मृत्यु प्रमाण-पत्र नोडल पदाधिकारी के लिए डॉ. सुमेधा राणा, सह-प्राध्यापक, सर्जरी विभाग को नामित किया गया। वहीं डॉ. अभिषेक कुमार, सहायक प्राध्यापक, सर्जरी विभाग को आयुष्मान भारत से संबंधित अधीक्षक, शेख भिखारी मेडिकल कॉलेज अस्पताल, हजारीबाग के साथ संयुक्त हस्ताक्षर एवं निकासी व अन्य कार्य के लिए नामित किया गया। जबकि डॉ. हिमांशु कुमार भैया, विभागाध्यक्ष, औषधि विभाग को आउटसोर्सिंग से संबंधित कर्मचारियों का उपस्थिति विवरणी पर हस्ताक्षर के लिए नोडल पदाधिकारी नामित किया गया। डॉ. सोमा उरांव, सह-प्राध्यापक, औषधि विभाग को अधीक्षक के साथ यूजर फीस बैंक खाता में संयुक्त हस्ताक्षर के लिए नामित किया गया। डॉ. उत्कृष्ट कान्त, सह-प्राध्यापक, सर्जरी विभाग को शेख भिखारी मेडिकल कॉलेज अस्पताल के मेडिको लीगल से संबंधित कार्य निष्पादन के लिए नामित किया गया। डॉ. क्षितिज आनंद, विभागाध्यक्ष, शिशु रोग विभाग को जेम पोर्टल से क्रय के लिए जेम पोर्टल बॉयर के रूप में नामित किया गया। डॉ. मृगेंद्र कुमार राय, विभागाध्यक्ष, सर्जरी विभाग को जन सूचना पदाधिकारी अस्पताल के जेएसएसके एचएमएस और ब्लड बैंक को सभी प्रकार के संचालित खातों का संयुक्त हस्ताक्षर के लिए अधीक्षक डा अनुकरण पूर्ति के साथ डा अंग राज को नामित किया गया।


