भास्कर संवाददाता|टोंक सऊदी अरब में स्थित टोंक की बेगमों द्वारा वक्फ की गई रूबातों में ठहरने के लिए हज कमेटी ऑफ इंडिया द्वारा अनुमोदन कर दिया गया है। हज यात्री कवर नंबर से रुबात के स्टेटस चेक कर सकते हैं। उल्लेखनीय है कि हज गाइडेंस सोसायटी कार्यालय में रुबातों के लिए रजिस्ट्रेशन का कार्य गत दिनों किया गया। इस दौरान करीब 300 रजिस्ट्रेशन हुए। जिनका हज कमेटी ने अनुमोदन कर दिया है। हज कमेटी की ओर से रुबातों में उनका ठहरना लगभग कंफर्म हो गया है। हज गाइडेंस सोसायटी के अध्यक्ष मोइनुद्दीन निजाम ने बताया कि जो भी हज यात्री अपने स्टेटस को चैक करवाना चाहे, तो हज गाइडेंस सोसायटी कार्यालय समय में सोसायटी के मुश्ताक अहमद, असलम अंसारी आदि से संपर्क कर जानकारी ले सकते हैं। टोंक जिले से 128 लोग हज यात्रा पर जाएंगे। उल्लेखनीय है कि हज कमेटी पिछले कई वर्षों से हज यात्रियों की निशुल्क सेवा का कार्य कर करती रही है। हज कमेटी ऑफ इंडिया मुंबई ने अपनी सुविधानुसार 29 जनवरी से 1 फरवरी 2026 तक फ्लाइट तारीख को हज कमेटी की साइट पर लॉगिंग करने के लिए बताया गया है। इसमें टोंक रुबात एवं परगनात के लिए तारीख का चयन नहीं किया जाना है। क्योंकि उनके जाने की फ्लाइट तारीख हज कमेटी अपने स्तर से निर्धारित करेगी। किसी टोंक जिले अथवा परगनात के हज यात्री जिसने रजिस्ट्रेशन कराया हो, रुबात कंफर्म नहीं हुई, तो सोसायटी से तुरंत संपर्क कर सूचना दे।


