हज यात्रा 2026 : रुबातों में ठहरने के लिए 25 जनवरी तक लिए जाएंगे आवेदन

टोंक|हज 2026 के लिए सऊदी अरब में स्थित रुबात (मुफ्त आवास) की सुविधा के लिए हज गाइडेंस सोसायटी के सदर मोइनुद्दीन निजाम द्वारा इजाजतनामे जारी किए जाएंगे। उन्होंने बताया कि रुबातों के लिए आवेदन प्रक्रिया शुरू कर दी गई है और 25 जनवरी तक रजिस्ट्रेशन का कार्य सुभाष बाजार के समीप निजाम फैक्टरी में हज गाइडेंस कार्यालय में सुबह 11 बजे से शाम 4 बजे तक किया जा सकेगा। हज गाइडेंस सोसायटी के मोइनुद्दीन निजाम ने बताया कि टोंक जिले तथा रियासत कालीन टोंक परगना जिसमें छबड़ा, पिड़ावा, निम्बाहेड़ा तथा मध्य प्रदेश के विदिशा जिले के सिरोंज क्षेत्र शामिल है। इनके हज यात्रियों से 25 जनवरी तक आवेदन लिए जाएंगे। रजिस्ट्रेशन के लिए आवश्यक दस्तावेजों में आधार कार्ड, पासपोर्ट की प्रति, चार रंगीन फोटो तथा मास्टर डाटा की प्रति देनी होगी। उन्होंने स्पष्ट किया कि जो हज यात्री मक्का की रुबातों के लिए रजिस्ट्रेशन कराएंगे, उन्हें मदीना के लिए अलग से रजिस्ट्रेशन कराने की जरूरत नहीं पड़ेगी। यदि दोनों जगहों पर रुबातों में ठहरने की इजाजत मिल जाती है, तो एक हज यात्री को करीब 80 हजार रुपए तक की सहूलियत मिल सकेगी। गौरतलब है कि हज गाइडेंस सोसायटी कई वर्षों से हज यात्रियों की निशुल्क सेवा का कार्य कर रही है। आवेदन भरने एवं आवश्यक गाइडेंस आदि का कार्य मुश्ताक अहमद, असलम अंसारी, जावेद खान, मतीन अंसारी, हबीब मियां आदि द्वारा प्रतिवर्ष निशुल्क किया जाता है। इस साल भी उनके द्वारा सेवाएं दी जा रही है।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *