हतबंध| ग्राम हतबंध के भारत माता चौक तिगड्डा में हथबंद मंडल का हिन्दू सम्मेलन आयोजित किया गया, जिसमें मंडल के ग्रामों से विभिन्न जाति एवं समाज के प्रमुखजन और ग्रामीणजन सम्मिलित हुए। कार्यक्रम की मुख्य अतिथि महात्यागी साध्वी संतोषी भारती, गोरखपुर आश्रम कवर्धा ने अपने उद्बोधन में कहा कि हम आपसी भेद-भाव को भूलाकर, व्यक्ति को व्यक्ति से, समाज को समाज से, राज्य को राज्य से और सभी को राष्ट्र से जोड़कर हम अपने देश को सुरक्षित और अखंड रख सकते हैं। कार्यक्रम की अध्यक्षता करते हुए विश्व हिन्दू परिषद की प्रान्त उपाध्यक्ष हेमलता बिसेन ने कहा कि यदि हम वर्तमान परिस्थितियों में अपने धर्म, संस्कृति और राष्ट्र के प्रति जागरूक नहीं रहेंगे, तो हमें बार-बार राष्ट्रीय विपदाओं का सामना करना पड़ेगा और हमारी आने वाली पीढ़ी भी संकट में रहेगी। कार्यक्रम के मुख्य वक्ता राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के जिला कार्यवाहक शालीन साहू ने कहा कि जब तक देश सुरक्षित है, तभी तक प्रत्येक जाति, समाज और धर्म सुरक्षित है। जिस दिन देश गुलाम हो गया, समझो सब कुछ चला गया। आभार प्रदर्शन हथबंद मंडल के पालक विभाग सेवा प्रमुख सनत पांडे ने किया। कार्यक्रम में बलौदाबाजार भाजपा जिलाध्यक्ष आनंद यादव, हथबंद सहकारी समिति अध्यक्ष धन्ना निषाद, पूर्व सरपंच विद्या संजू वर्मा और विभिन्न संगठनों के प्रतिनिधि एवं सदस्य उपस्थित रहे।


