मसनगांव| हरदा से मसनगांव के बीच स्टेट हाईवे पर सड़क किनारे की एप्रोच धंसने से बड़े और गहरे गड्ढे बन गए हैं। इससे वाहन चालकों का सफर खतरे से भर गया है। ग्रामीण मनोज सेठ और बंटी राजपूत ने बताया कि इन गड्ढों में कई वाहन अनियंत्रित होकर गिर चुके हैं। हादसों में लोग घायल भी हुए हैं। ग्रामीणों के मुताबिक गड्ढे इतने गहरे हैं कि थोड़ी-सी लापरवाही भी जानलेवा हो सकती है। रात के समय तेज रोशनी में दोपहिया वाहन चालक गड्ढों को समय पर नहीं देख पाते। इसी कारण पिछले कुछ दिनों में कई हादसे हो चुके हैं। इसके बावजूद अब तक कोई सुधार नहीं किया गया है। स्थानीय लोगों ने कहा कि अगर जल्द एप्रोच नहीं भरी गई तो हालात और बिगड़ सकते हैं। ग्रामीणों ने संबंधित विभाग से तुरंत कार्रवाई की मांग की है। उनका कहना है कि इससे राहगीरों को राहत मिलेगी और दुर्घटनाएं रुक सकेंगी।


