हरियाणा के 20 जिलों में लू का यलो अलर्ट:2 में एडवाइजरी जारी, पहली बार तापमान 40 डिग्री पार; दो दिन बाद बारिश के आसार

हरियाणा में भीषण गर्मी का दौर शुरू हो गया है। मौसम विभाग ने आज करनाल और यमुनानगर को छोड़कर बाकी सभी जिलों में लू का यलो अलर्ट जारी किया है। डॉक्टरों ने लोगों से सावधानी बरतने की सलाह दी है। वहीं, गुरुग्राम और फरीदाबाद में एडवाइजरी जारी की गई है। 9 अप्रैल तक ऐसा ही मौसम बना रखेगा। इसके बाद 10 और 11 अप्रैल को ज्यादातर इलाकों में बादलवाई और कहीं-कहीं हल्की बारिश की संभावना है। प्रदेश में इस साल सोमवार को पहली बार तापमान 40 के पार पहुंचा। रोहतक सबसे गर्म जिला रहा। यहां का तापमान 42.1 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। प्रदेश में सोमवार को अधिकतम तापमान में 1.4 डिग्री सेल्सियस की बढ़ोतरी दर्ज की गई। अधिकतम तापमान सामान्य से 4.9 डिग्री सेल्सियस अधिक पहुंच गया है। 9 तक मौसम साफ, 10-11 को बूंदाबांदी की संभावना
चौधरी चरण सिंह हरियाणा कृषि विश्वविद्यालय हिसार के कृषि मौसम विज्ञान विभाग के विभागाध्यक्ष डॉ. मदन खीचड़ ने बताया कि प्रदेश में 9 अप्रैल तक मौसम खुश्क रहने की संभावना है। इस दौरान उत्तर-पश्चिमी व पश्चिमी हवाएं चलने की संभावना से विशेषकर दिन के तापमान में बढ़ोतरी होने का अनुमान है। पश्चिमी विक्षोभ के आंशिक प्रभाव से 9 अप्रैल की रात से मौसम में बदलाव हो सकता है। इससे राज्य में 10 और 11 अप्रैल को ज्यादातर क्षेत्रों में आंशिक बादलवाई और कहीं-कहीं हवाओं के साथ छिटपुट बूंदाबांदी की संभावना है। इससे 12 व 13 अप्रैल को दिन के तापमान में हल्की गिरावट होगी। इन लोगों को लू लगने का ज्यादा खतरा
गुरुग्राम के DC अजय कुमार ने कहा कि गर्मी के मौसम में हवा के गर्म थपेड़ों और बढ़े हुए तापमान से लू (हीटवेव) लगने का खतरा बढ़ जाता है। खासकर धूप में घूमने वालों, खिलाड़ियों, बच्चों, बुजुर्गों और बीमार व्यक्तियों को लू लगने का डर ज्यादा रहता है। लू लगने पर उसके इलाज से बेहतर है, हम लू से बचे रहें यानी बचाव इलाज से बेहतर है। लू से बचाव के लिए एडवाइजरी जारी की गई है, जिसकी सभी को पालना करते हुए स्वास्थ्य सुरक्षा बनाए रखनी है। सुबह 11 बजे से शाम को 4 बजे तक कड़ी धूप में बाहर निकलने से बचें। डॉक्टर बोले- दोपहर के समय घर से बाहर न निकलें
भिवानी के CMO डॉ. रघुवीर शांडिल्य ने बताया कि लू से बचने के लिए सबसे जरूरी यही है कि शरीर में पानी की कमी न होने दें। गर्मी में बाहर न निकलें, खासकर दोपहर के समय। क्योंकि, लू की चपेट में आने से स्वास्थ्य बिगड़ सकता है।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *