हरियाणा के अंबाला पुलिस ने नकली शराब की फैक्ट्री पकड़ी है। पुलिस को मौके पर भारी मात्रा में हरियाणा और पंजाब में बिकने वाली देसी शराब के ब्रांड की सैकड़ों पेटियां मिली हैं। स्प्रिट, हजारों की संख्या में खाली बोतलें, लेबल, होलोग्राम, क्यूआर कोड, ढक्कन, बड़े-बड़े ड्रम भी बरामद हुए है। शहजादपुर थाने से कुछ ही दूरी पर यह फैक्ट्री चल रही थी। मौके से 3 लोगों को हिरासत में लिया गया है, जो चाय की छलनी से छानकर बनाई गई नकली शराब को बोतलों में पैक कर रहे थे। फिलहाल, पुलिस हिरासत में लिए गए लोगों से पूछताछ कर रही है। उधर, सूचना पर पहुंची एक्साइज विभाग की टीम फैक्ट्री से बरामद सामान का आकलन करने में जुटी है। यहां बता दें कि छह महीने पहले ही यमुनानगर में नकली शराब फैक्ट्री पकड़ी गई थी। इसमें बनाई गई शराब पीने से कई लोगों की मौत हो गई थी। रिहायशी इलाके में शराब बनाने की मिली सूचना
शहजादपुर थाना पुलिस को बुधवार की रात सूचना मिली कि रिहायशी इलाके में नकली शराब बनाई जा रही है। सूचना मिलते ही पुलिस ने रात करीब 10 बजे बताए गए मकान में छापा मारा तो अंदर काम कर रहे 3 लोग भागने की कोशिश करने लगे। पुलिस ने इन लोगों को पकड़ लिया। अंदर जाकर देखा तो बड़ी मात्रा में शराब बनाई जा रही थी। शराब बनाने संबंधी कोई भी कागजात नहीं दिखा सके
पुलिस को मकान के अंदर से भारी मात्रा में हरियाणा और पंजाब में बिकने वाले देसी शराब के अलग-अलग ब्रांड की सैकड़ों पेटियां पड़ी मिलीं। शराब बनाने की मशीनों से लेकर आरओ, बड़े-बड़े ड्रम, कार्टून से लेकर केमिकल व खाली बोतलें व ढक्कन बरामद हुए। पुलिस ने जब हिरासत में लिए गए लोगों से फैक्ट्री का लाइसेंस सहित अन्य कागजात मांगे तो वे कुछ नहीं दिखा सके। इस पर पुलिस ने एक्साइज टीम को मामले की जानकारी दी। मोटा संतरा, हीर सौंफी और माल्टा ब्रांड के रैपर मिले
पुलिस को जांच में हरियाणा ब्रांड हीर सौंफी, मोटा संतरा ही नहीं बल्कि पंजाब के माल्टा ब्रांड पैकिंग की शराब की बोतलें भी मिली हैं। शुरूआती गिनती में पैक की गई पेटियों की संख्या 150 के आसपास थी। बताया जा रहा है कि शराब को पैक करके हरियाणा और पंजाब में सप्लाई किया जा रहा था। एक्साइज विभाग के अधिकारी भी मौके पर पहुंचे
डिप्टी एक्साइज एंड टैक्सेशन कमिश्नर कृष्ण कुमार मौके पर पहुंचे और शराब फैक्ट्री का मुआयना कर उसे सील करने की कार्रवाई शुरू की।बताया कि शराब की बोतलों की काउंटिंग चल रही है। शुरूआती जांच में सामने आया है कि ये लोग दोनों राज्यों में शराब सप्लाई कर चुके हैं। पता किया जा रहा है कि शराब कहां-कहां सप्लाई की गई। पता लगने पर उसकी सैंपलिंग करवाई जाएगी। बिट्टू नाम का युवक चला रहा था फैक्ट्री
शहजादपुर थाना प्रभारी जितेंद्र सिंह ने बताया कि अभी पुलिस मामले की जांच में जुटी हुई है और भारी मात्रा में शराब बरामद की गई है। यह मकान और फैक्ट्री बिट्टू नाम के युवक की बताई जा रही है, जो फरार है, जिसकी गिरफ्तारी के लिए पुलिस टीम दबिश दे रही है। इसके अलावा यह भी पता किया जा रहा है कि इस फैक्ट्री में कितने पैमाने पर रोजाना शराब बनाई जा थी और कितने लोग इस गोरखधंधे में शामिल हैं। 2024 में यमुनानगर में जहरीली शराब पीने से हुई थी कई मौतें
बता दें कि नवंबर 2024 में भी अंबाला के धनौरा में नकली शराब की फैक्ट्री पकड़ी गई थी। इसी फैक्ट्री की शराब पीने के कारण कई लोगों की मौत हो गई थी। बाद में पुलिस ने नकली शराब बनाने वाले पूरे गिरोह को जेल भेज दिया था। अब दोबारा नकली शराब बनाने का मामला सामने आया है।


