हरियाणा में गुरुग्राम के सोहना में 7 जनवरी को युवक के होटल की तीसरी मंजिल से गिरने का CCTV फुटेज सामने आया है। बिहार का रहने वाला हिमांशु (23) मध्य प्रदेश में टेरर फंडिंग और साइबर क्राइम मामलों में मध्य प्रदेश ATS की हिरासत में था। CCTV में दिख रहा है कि गली में एक बाइक सवार युवक खड़ा हुआ था। तभी होटल की छत से हिमांशु आकर गली में गिरता है। बाइक सवार को हिमांशु के गिरने का पता चला, लेकिन वह छत की तरफ देखता रहा। उसने हिमांशु की मदद नहीं की। 10 मिनट तक लोग गली से आते-जाते हैं, लेकिन कोई हिमांशु की तरफ ध्यान नहीं देता। कुछ देर बाद बाइक सवार युवक वहां से चला जाता है। पुलिस कर्मचारियों को जैसे ही पता चलता है तो हेड कॉन्स्टेबल दौड़ता हुआ आता है। इसके बाद ATS की टीम मौके पर पहुंचती है और हिमांशु को अपने साथ गाड़ी में ले जाती है। उधर, हिमांशु के चाचा की शिकायत पर सोहना पुलिस मध्य प्रदेश की ATS के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज कर चुकी है। मध्य प्रदेश पुलिस टीम ने कार्रवाई करते हुए 9 सदस्यों को सस्पेंड कर दिया था। इनमें एक इंस्पेक्टर, हेड कॉन्स्टेबल और कॉन्स्टेबल शामिल हैं। पुलिस बाइक सवार की तलाश कर रही
पुलिस घटना के समय मौके पर मौजूद बाइक सवार की भी तलाश कर रही है। साथ ही होटल के मालिक और बिल्डिंग के मालिक को नोटिस जारी किया गया है। जांच के लिए आसपास लगे सभी सीसीटीवी कैमरों की फुटेज की जांच की जा रही है। हालांकि, पुलिस अभी जांच के बारे में कोई जानकारी साझा करने से बच रही है। हिमांशु के चाचा बोले- MP की ATS ने तीसरी मंजिल से फेंका
हिमांशु के परिवार ने मध्य प्रदेश की ATS पर बेटे की हत्या के आरोप लगाए हैं। हिमांशु के चाचा चंदन कुमार ने सोहना पुलिस को दी शिकायत में कहा कि हिमांशु दिल्ली में पढ़ाई कर रहा था और सेना में भर्ती की तैयारी कर रहा था। उन्होंने आरोप लगाया कि मध्य प्रदेश ATS ने हिमांशु और उसके साथियों को होटल में रखा और फिर उसे तीसरी मंजिल से फेंक दिया, जिससे उसकी मौत हो गई। एटीएस के पास हिमांशु को हिरासत में लेने के लिए कोई वारंट भी नहीं था। अनजान नंबर से कॉल आया, कहा- आपके भाई की मौत हो गई हिमांशु के भाई सुधांशु कुमार ने कहा कि ‘7 जनवरी की शाम अचानक फोन आया कि मेरे भाई को पुलिस ने अरेस्ट कर लिया है। मैंने सोचा कोई छोटी बात होगी। वो खुद सुलझा लेगा, लेकिन कुछ देर बाद मुझे एक अनजान नंबर से फोन आया, उसने कहा कि आपके भाई की ओवरब्रिज से कूदने से मौत हो गई है।’ ‘थोड़ी देर बाद जब मैंने उसी नंबर पर फोन लगाया तो उसने कहा कि हिमांशु ने होटल की तीसरी मंजिल से छलांग लगा दी है। उसने हमलोगों को एक फोटो भी भेजी, जिसमें हिमांशु के सिर पर खून के निशान थे। इसकी जानकारी मिलते ही हम लोग हरियाणा के लिए निकले।’ ‘अगर MP ATS को पूछताछ ही करनी थी तो उसे OYO क्यों लेकर गई। थाने क्यों नहीं लेकर गई। सबको पता है OYO में क्या होता है।’ सुधांशु ने आगे बताया, ‘जब हम लोग घटनास्थल पर पहुंचे तो वहां पर पानी गिरा था। आंख और सिर में चोट थी। नाक में खून जमा था। हमने पुलिस से CCTV दिखाने की मांग की, लेकिन हमें नहीं दिया गया।’ ‘अगर वो टेरर फंडिंग से जुड़ा भी था, तो क्या उसे मार दिया जाएगा। पुलिस उसको अरेस्ट करती, पूछताछ करती। मेरे परिवार पर आज तक कोई केस नहीं है। वो भी किसी अपराध में शामिल नहीं था। जो भी पुलिसकर्मी इसमें शामिल हो, उसको सजा दी जाए।’ सरकारी नौकरी की तैयारी करने नोएडा गया था
हिमांशु के पिता रमेश मेहता ने बताया, ‘वो छठ पूजा में आखिरी बार घर आया था। 14 नवंबर 2024 को नोएडा में पढ़ाई करने के लिए पहली बार वो बिहार से बाहर गया था। वहां, वो सरकारी नौकरी की तैयारी कर रहा था। इससे पहले वो खगड़िया में रहकर आर्मी की तैयारी करता था। जब वो आर्मी का एग्जाम क्लियर नहीं कर पाया और एज लिमिट खत्म हो गई तो वो दूसरी सरकारी नौकरी की तैयारी करने नोएडा चला गया।’ हिमांशु के पिता ने कहा कि पुलिस ने साजिश के तहत हिमांशु की हत्या की है। मेरी यही मांग है कि बेटे ने सुसाइड किया है या उसकी हत्या की गई है, इसकी अच्छे से जांच होनी चाहिए। टीम का दावा- भागते समय बिल्डिंग से गिरा
उधर, मध्यप्रदेश ATS ने दावा किया है कि हिमांशु बाथरूम जाने के बहाने गैलरी में आया और वहां से नीचे के बिजली केबल के सहारे भागने की कोशिश की। वह केबल को पकड़ नहीं पाया और सिर के बल गिर गया। एटीएस ने उसे फौरन अस्पताल पहुंचाया, लेकिन उसकी मौत हो चुकी थी। एमपी एटीएस ने सोहना पहुंचने और यहां से 6 लोगों को पकड़ने की सूचना स्थानीय थाने और हरियाणा पुलिस के आला अधिकारियों को नहीं दी थी। सोहना पुलिस को मामले की जानकारी सरकारी अस्पताल से मिली थी। आरोपियों के साइबर क्राइम, टेरर लिंक की जांच जारी
पिछले दिनों ATS ने 6 लोगों से 14 लैपटॉप, एक टैबलेट, 41 मोबाइल और 85 डेबिट कार्ड बरामद किए थे। मध्य प्रदेश पुलिस का दावा है कि हिमांशु और एक अन्य आरोपी पूरे नेटवर्क के जिम्मेदार थे, जबकि चार अन्य सहयोगी थे। मामले की जांच मप्र साइबर सेल और ATS की ओर से की जा रही है। यह भी जांच की जा रही है कि आरोपियों का टेरर लिंक था या नहीं। इसी मामले में ATS ने हिमांशु को पकड़ा था। ********************* हिमांशु की मौत से जुड़ी ये खबरें भी पढ़ें : कॉम्पिटिशन की तैयारी करने गया था…फोन आया मर गया:भाई बोला- टेरर फंडिंग किया था तो पूछताछ करते, हत्या की FIR हरियाणा के गुरुग्राम में 7 जनवरी को MP ATS की कस्टडी में मधेपुरा के 23 साल की हिमांशु की मौत हो गई। MP ATS का कहना है कि उसने OYO होटल के तीसरी मंजिल से छलांग लगाई, जिससे उसकी जान चली गई। हालांकि, हिमांशु के परिजन का दावा का है कि उसकी हत्या कर शव को जमीन पर लाकर रख दिया गया है। पूरी खबर पढ़ें… हरियाणा में एमपी एटीएस की टीम पर हत्या का केस:गुरुग्राम में होटल की छत से गिरा था युवक हरियाणा के गुरुग्राम के सोहना में एक होटल की तीसरी मंजिल से गिरकर हुई युवक की मौत के मामले में मध्यप्रदेश एटीएस की परेशानी बढ़ गई है। हरियाणा पुलिस ने हिमांशु के चाचा चंदन कुमार की शिकायत पर मप्र एटीएस पर हत्या का केस दर्ज किया है। बिहार निवासी हिमांशु (23) मप्र टेरर फंडिंग और साइबर क्राइम से जुड़े छह आरोपियों में से एक था। पढ़ें पूरी खबर


