भास्कर न्यूज| अमृतसर आवारा और घायल जानवरों की पीड़ा देख एनआरआई पशु प्रेमी डॉ. नवजोत चावला ने बड़ा कदम उठाया है। वे अमृतसर के लोहारका रोड स्थित जगदेव कलां में पंजाब का पहला आधुनिक एनिमल अस्पताल खोलने जा रही हैं। इसके लिए उन्होंने एक एकड़ जमीन खरीदी है। अस्पताल में हर महीने 300 से ज्यादा आवारा कुत्तों का मुफ्त इलाज होगा। साथ ही 50 से अधिक गाय-भैंसों का भी उपचार किया जाएगा। यह अस्पताल सिर्फ स्ट्रीट डॉग्स और अन्य बेसहारा जानवरों के लिए होगा। पालतू जानवरों का इलाज यहां नहीं होगा। अस्पताल में नेत्रहीन, गंभीर रूप से घायल और वृद्ध जानवरों के रहने की भी पूरी व्यवस्था होगी। इन्हें अस्पताल परिसर में ही पनाह दी जाएगी। एनआरआई ईएनटी विशेषज्ञ डॉ. चावला 12 और 13 अगस्त को अस्पताल की नींव रखेंगी। निर्माण कार्य एक से डेढ़ साल में पूरा होगा। यह राज्य का पहला ऐसा निजी अस्पताल होगा, जहां जानवरों के इलाज के लिए आधुनिक एक्सरे और लैब सेंटर की सुविधा भी मिलेगी। उक्त आधुनिक एनिमल अस्पताल दो साल में बन कर तैयार हो जाएगा । डॉ. चावला का यह कदम न केवल आवारा और घायल जानवरों के लिए एक वरदान साबित होगा, बल्कि यह पशु कल्याण के क्षेत्र में एक महत्वपूर्ण मील का पत्थर भी स्थापित करेगा। कनाडा निवासी एनआरआई डॉ. नवजोत चावला रणजीत एवेन्यू ई ब्लॉक में एनिमल वेलफेयर एंड केयर सर्विस सेंटर चला रही हैं। वे हर महीने अपनी जेब से तीन लाख रुपए से ज्यादा खर्च कर रही हैं। इस राशि से करीब 150 स्ट्रीट डॉग्स का मुफ्त इलाज किया जा रहा है। साथ ही उनकी नसबंदी भी करवाई जा रही है। केंद्र के मैनेजर राजन कुमार ने बताया कि डॉ. नवजोत हर महीने यह राशि खुद भेजती हैं। केंद्र में कुल 15 सदस्यीय स्टाफ है। हर महीने 15 से ज्यादा डॉग्स को रेस्क्यू कर इलाज के बाद उसी जगह छोड़ा जाता है, जहां से उन्हें लाया गया था। एक डॉग के खाने पर रोजाना 200 रुपए खर्च होते हैं। डॉग्स के लिए कूलर और पंखे लगाए गए हैं। 100 से ज्यादा डॉग्स के लिए पिंजरे और कमरे भी बनाए गए हैं। कोरोना काल से अब तक 3 हजार कुत्तों की बचाई जान डा. नवजोत ने साल 2020 में कोरोना काल के दौरान आवारा कुत्तों को रेस्क्यू करना शुरू किया था। अब तक पांच साल में तीन हजार से ज्यादा कुत्तों का इलाज कर उनकी जान बचा चुकी हैं। इलाज के बाद कई कुत्ते पूरी तरह स्वस्थ हो चुके हैं। इनमें से 17 से 18 कुत्तों को कनाडा में गोद भी दिलवा चुकी हैं। इन कुत्तों को कनाडा के नागरिकों ने अपनाया है। डा. नवजोत ने बताया कि अगर किसी को कोई घायल आवारा कुत्ता दिखाई दे, तो वह मैनेजर राजन से संपर्क कर सकता है। राजन की रेस्क्यू टीम घायल कुत्ते का इलाज करेगी। साथ ही उसकी देखभाल भी करेगी।डॉ. नवजोत का यह समर्पण आवारा जानवरों के प्रति उनकी गहरी संवेदनशीलता को दर्शाता है। इस सप्ताह…एनिमल वेलफेयर संस्था अधिक जानकारी के लिए राजन कुमार, एनिमल वेल्फेयर एंड केयर सर्विंस सेंटर, हाउसिंग बोर्ड कालोनी, ई ब्लाक, वाव जिम, अमृतसर 7307977077 पर संपर्क किया जा सकता है।


