बैतूल में नशे के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत कोतवाली पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। पुलिस ने ग्राम साकादेही के पास फोरलेन हाईवे स्थित यात्री प्रतीक्षालय से एक व्यक्ति को अवैध गांजा बेचते हुए रंगे हाथों गिरफ्तार किया है। आरोपी के पास से 1.308 किलोग्राम गांजा बरामद किया गया, जिसकी अनुमानित कीमत करीब 25,000 रुपए है। कोतवाली पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली थी। इसमें बताया गया था कि साकादेही हाईवे पर एक व्यक्ति गांजा लेकर ग्राहकों का इंतजार कर रहा है। सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने तत्काल कार्रवाई करते हुए मौके पर दबिश दी। वहां बैठे संदिग्ध व्यक्ति को पकड़ा गया, जिसने पूछताछ में अपना नाम भीम यादव (40), पिता भजनलाल यादव, निवासी बडगी बुर्जुर्ग बताया। पुलिस ने जब उसके पास रखे प्लास्टिक बैग की तलाशी ली तो उसमें से 1.308 किलोग्राम गांजा मिला। आरोपी भीम यादव को गिरफ्तार कर उसके खिलाफ अपराध क्रमांक 1123/2025, धारा 8/20 एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज किया गया है। युवक को आज कोर्ट पेश किया गया।जहां से उसे जेल भेज दिया गया है। यह कार्रवाई पुलिस अधीक्षक वीरेन्द्र जैन, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक कमला जोशी और एसडीओपी सुनील लाटा के मार्गदर्शन में की गई। पुलिस टीम में निरीक्षक नीरज पाल, उपनिरीक्षक बसंत अहके, उत्तम मस्तकार, सउनि अरुण यादव सहित अन्य पुलिसकर्मी शामिल थे। पुलिस का कहना है कि जिले में नशे के कारोबारियों पर लगातार निगरानी रखी जा रही है और ऐसे तत्वों के खिलाफ सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।


