भास्कर न्यूज । दारु टाटीझरिया प्रखंड में हाथियों का उत्पात थमने का नाम नहीं ले रहा है। हाथी प्रखंड के किसानों और ग्रामीणों के नाक में दम कर रखा है, लोग हाथी के प्रकोप से काफी खौफजदा हैं। करीब 25 हाथियों का झुंड शुक्रवार देर शाम पहुंचा और रातभर बन्हें-पूरणापानी और केसोडीह में जमकर उत्पात मचाया। हाथियों ने लोगों के घर तोड़े और खेत में खड़ी तैयार धान की फसल को रौंद डाला है। हालांकि इस दौरान वन विभाग की टीम पहुंची हुई थी फिर भी लोगों को होने वाले नुकसान से बचा ना जा सका। हाथियों ने बन्हें-पूरणापानी में महादेव मांझी के घर की खिड़की को तोड़ दिया और समानों को नुकसान पहुंचाया। रामकुमार भुइयां का दरवाजा और चहारदीवारी ध्वस्त कर दिया। इससे पहले भी हाथियों ने उसके घर को तहस-नहस कर दिया था। हाथियों के झुंड ने खेत में खड़ी तैयार धान की फसल को बर्बाद कर दिया है। बन्हें के नया घोघरी में राजेंद्र प्रसाद, हरि प्रसाद, बन्हें और आसपास के गांव के किसानों के धान की फसल को खाया और रौंद कर बर्बाद कर दिया है। भास्कर न्यूज | हजारीबाग हजारीबाग मुफस्सिल थाना के हाजत से 17 सितंबर की रात 2:00 बजे फरार हुआ अपराधी जोकर उर्फ रणवीर सिंह को मुफस्सिल पुलिस ने आखिरकार धर दबोचा। जानकारी के मुताबिक उसकी गिरफ्तारी रांची के टाटी सिल्वे रेलवे स्टेशन से हुई है। हालांकि इस संबंध में पुलिस अभी कुछ भी बताने से परहेज कर रही है। इसके साथ फरार हुआ एक और ट्रैक्टर चोरी का आरोपी मोहम्मद सोनू की गिरफ्तारी की कवायद चल रही है। जोकर उर्फ रणवीर सिंह रिटायर्ड पुलिस इंस्पेक्टर केशव कुमार सिंह के घर में अपने 5 से अधिक सहयोगियों के साथ मिलकर डकैती की घटना को अंजाम देने का आरोपी है। यह घटना 13 सितंबर की रात में घटी थी। जब पुलिस इंस्पेक्टर का पैर हाथ बांधकर और एक बच्ची के गले में चाकू अड़ा कर अपराधियों ने डकैती की घटना को अंजाम दिया था। अहम बात यह रही थी कि फरार अपराधी पुलिस के द्वारा उसके पास से संकलित किए गए साक्ष्य के तौर पर मोबाइल और गमछा को भी भागने के दौरान साथ ले गया था। यह मुफस्सिल पुलिस की बड़ी उपलब्धि मानी जा रही है।


