लुधियाना| चंडीगढ़ रोड स्थित कोहाड़ा चौक के समीप नवनिर्मित श्री खाटू श्याम सालासर मंदिर में आयोजित साप्ताहिक संकीर्तन के दौरान भक्ति, श्रद्धा और उल्लास का अनूठा संगम देखने को मिला। पूरा क्षेत्र जय श्री श्याम और हारे के सहारे के जयकारों से गुंजायमान हो उठा। कार्यक्रम का शुभारंभ ट्रस्टी प्रदीप मित्तल, संदीप अग्रवाल, एलआर मित्तल और अनिल मित्तल की अध्यक्षता में हुआ। आचार्य दीपक पाण्डेय, पं. राज तिवारी और पं. केशव उपाध्याय ने वैदिक मंत्रोच्चारण के साथ पुष्प अर्पित किए। इससे पूर्व अशोक गुप्ता परिवार और पंजाब सैनी समाज के प्रतिनिधियों अंकित सैनी, पवन टिंकू, मनमीत सिंह, अतुल वालिया, अजय धवन और विनय कुमार ने विधि-विधान से हवन यज्ञ संपन्न कर क्षेत्र की खुशहाली की कामना की। भक्ति संध्या का आकर्षण बाबा श्याम का अलौकिक शृंगार रहा। अशोक गुप्ता परिवार द्वारा फूलों और कीमती गहनों से सजी बाबा की मनमोहक प्रतिमा के दर्शन के लिए भक्तों का तांता लगा रहा। भजन गायक हैप्पी सिमरन ने जब अपनी सुमधुर आवाज में हारे के सहारे आजा और गजब मेरे खाटू वाले जैसे भजन गाए तो श्रद्धालु भाव विभोर हो गए। संकीर्तन के समापन पर बाबा की भव्य आरती उतारी गई और छप्पन भोग का प्रसाद वितरित किया गया। इस धार्मिक समागम में विजय गोयल, संजय अग्रवाल, अभिषेक गुप्ता, हरीश गर्ग, मुनीश बजारी, संदीप गोयल, दीपक मित्तल, राज गुप्ता, के.के. गर्ग, नीपम बांसल, विनोद गोयल, प्रशांत गर्ग, अतुल वालिया, नरेश अग्रवाल, विशाल माहेश्वरी, चंदेश्वर भारद्वाज और नीरज गुप्ता आदि ने हाजिरी भरी।


