राजस्थान विद्युत प्रसारण निगम लिमिटेड ने हिंडौन के गुढ़ापोल गांव स्थित 400 केवी ग्रिड सबस्टेशन में 500 एमवीए का ट्रांसफार्मर स्थापित किया है। इस परियोजना से करौली, धौलपुर, गंगापुर और भरतपुर जिलों में निर्बाध बिजली आपूर्ति सुनिश्चित होगी। इस ट्रांसफार्मर के स्थापित होने से 400 केवी ग्रिड सबस्टेशन हिंडौन की क्षमता 630 एमवीए से बढ़कर 1130 एमवीए हो गई है। इस कार्य में एक महीने से अधिक का समय लगा। इसके अलावा, 132 केवी डबल सर्किट छोकरवाड़ा-भुसावर लाइन का निर्माण भी पूरा कर चालू कर दिया गया है। 50 करोड़ रुपये की लागत से हुआ तैयार
प्रसारण निगम के प्रबंध निदेशक नथमल डिडेल ने बताया कि इन दोनों परियोजनाओं को पूरा करने में लगभग 50 करोड़ रुपये की लागत आई है। नए ट्रांसफार्मर से ओवरलोड के कारण होने वाले फॉल्ट की समस्या का समाधान होगा, और किसानों को दिन में निर्बाध बिजली आपूर्ति मिलेगी।
हिंडौन के अलावा मेड़ता, बीकानेर, अजमेर, भड़ला और रामगढ़ जैसे महत्वपूर्ण स्थानों पर भी 500 एमवीए के ट्रांसफार्मर लगाए जाएंगे। पूरे राजस्थान में 200 एमवीए और 160 एमवीए के कई ट्रांसफार्मर स्थापित करने की योजना है, जिससे ग्रिड की स्थिरता बनाए रखने में मदद मिलेगी।


