हिमाचल प्रदेश में भारी बर्फबारी के बाद आज (बुधवार को) अच्छी धूप खिली। इससे सड़क, बिजली व पानी की बहाली के काम में तेजी आई है। इससे पहले बीती रात में ऊंचे पहाड़ों पर बर्फबारी और निचले इलाकों में अच्छी बारिश हुई। चंबा के भरमौर की पूलन पंचायत में बीती रात बड़ा ग्लेशियर गिरा। इसकी चपेट में दो पिकअप गाड़ी और तीन दुकानें आ गई। भरमौर के सामरा गांव में भी भारी बर्फबारी से 3 मंजिला मकान गिर गया। वहीं स्पीति में रात 10.30 बजे बर्फीला तूफान (स्नोस्टॉर्म) चला। चंबा, लाहौल स्पीति और कुल्लू के दुर्गम क्षेत्रों में भारी हिमपात हुआ है। ऊना, हमीरपुर और बिलासपुर को छोड़कर अन्य सभी 9 जिलों के ऊंचे क्षेत्रों में बर्फ गिरी है। मशहूर पर्यटन स्थल मनाली व भरमौर में 1.5 फुट ताजा फ्रैश स्नोफॉल हुआ। रोहतांग दर्रा में 3 फुट, केलांग में 2, गोंदला में 1.5, कल्पा में 1.5 फुट, रिकांगपियो व कुफरी में 6 इंच, नारकंडा में 8 इंच, रिज पर 1 इंच और जाखू में 3 इंच बर्फ गिरी। इसके बाद चंबा, कुल्लू और लाहौल स्पीति के सैकड़ों गांव का जिला मुख्यालय से संपर्क कट गया है। मनाली में बर्फ पर फिसली गाड़ी बर्फबारी के बाद फिसलन के कारण सड़कें खतरनाक हो गई है। बीती रात को मनाली में एक कार 360 डिग्री में घूमी। अच्छी बात यह रही कि आगे कोई गाड़ी खड़ी नहीं थी और सड़क सीधी थी। इससे गाड़ी रुक गई। इसे देखते टूरिस्ट समेत लोकल को भी सावधानी से बर्फ पर गाड़ी चलाने की एडवाइजरी दी गई है। शिमला-ठियोग NH बहाल शिमला-रामपुर-किन्नौर NH ताजा बर्फबारी के बाद बंद हो गया था। इसे दोपहर 12 बजे कुफरी-फागू के बीच बहाल कर दिया गया है। हालांकि, इस सड़क पर सफर अभी जोखिमभरा है। ठियोग-रोहड़ू NH भी बहाल कर दिया है। वहीं NH-305 औट-बंजार-सैंज, मनाली-केलांग और चंबा-भरमौर NH समेत 850 से ज्यादा सड़कें बंद पड़ी है। इसी तरह, 3200 से अधिक बिजली के ट्रांसफॉर्मर ठप हैं। इससे सैकड़ों गांव अंधेरे में डूब गए है। इनमें 1500 से ज्यादा ट्रांसफॉर्मर बीते छह दिन से बंद है। तापमान में बड़ी गिरावट वहीं ताजा बर्फबारी के बाद ठंड बढ़ने से तापमान में भारी गिरावट आई है। प्रदेश का औसत अधिकतम तापमान सामान्य से 5 डिग्री सेल्सियस नीचे गिर गया है। ऊना के अधिकतम तापमान में सामान्य की तुलना में सबसे ज्यादा 9 डिग्री की गिरावट दर्ज की गई और यहां का अधिकतम तापमान 12.8 डिग्री रह गया है। मंडी का पारा भी 8.1 डिग्री की कमी के बाद 13.6 डिग्री, सुंदरनगर का सामान्य से 6.8 डिग्री नीचे गिरने के बाद 12.0 डिग्री और सोलन का 5 डिग्री नीचे गिरने के बाद 14.0 डिग्री सेल्सियस रह गया है। आज इसमें थोड़ा उछाल आएगा। किसान-बागवान और टूरिस्ट सब खुश किसानों-बागवानों और पर्यटन कारोबारियों समेत पर्यटकों के बर्फबारी से चेहरे खिल उठे है। पर्यटक बर्फबारी का आनंद उठा रहे हैं और बीते एक सप्ताह के दौरान बड़ी संख्या में टूरिस्ट पहाड़ों पर बर्फ देखने पहुंचा है। वहीं कुल्लू के भुंतर में बीती रात सबसे ज्यादा 55.4 मिलीमीटर बारिश, सियोबाग 47.0, बिलासपुर 45.6, गोहर 45.0, कसौली 44.2, सुंदरनगर 42.4, भटियात 42.3 और सोलन में 39.2 मिलीमीटर बारिश हुई। कमजोर पड़ा वेस्टर्न डिस्टरबेंस मौसम विभाग के अनुसार- वेस्टर्न डिस्टरबेंस आज थोड़ा कमजोर पड़ेगा। शिमला समेत मनाली में आज सुबह से ही धूप खिली है। आज और कल अधिक ऊंचे क्षेत्रों में ही हल्की बारिश-बर्फबारी हो सकती है। निचले इलाकों में मौसम साफ रहेगा। 30 जनवरी को मौसम पूरे प्रदेश में साफ हो जाएगा। मगर 31 जनवरी को फिर से वेस्टर्न डिस्टरबेंस एक्टिव होगा। इससे दो फरवरी तक अच्छी बारिश-बर्फबारी के आसार बन रहे हैं। खासकर एक फरवरी को ज्यादातर भागों में बारिश-बर्फबारी होगी। कुल्लू में आज भी शिक्षण संस्थान बंद वहीं मौसम विभाग के अलर्ट को देखते हुए आज भी कुल्लू जिला के बंजार, कुल्लू और मनाली डिवीजन में सभी शिक्षण संस्थान बंद रहेंगे। बीते कल भी डीसी कुल्लू तोरुल एस रवीश ने छुट्टी के आदेश कर रखे थे।लाहौल घाटी में उदयपुर और केलांग में भी आज शैक्षणिक संस्थानों में छुट्टी घोषित की गई है। हिमाचल में बर्फबारी के PHOTOS…


