हैड कांस्टेबल 15 हजार रुपए की रिश्वत लेते गिरफ्तार:2 दिन पहले ही ASI पद पर हुआ था प्रमोट,पुलिस थाने के बाहर से दबोचा

सीकर में झुंझुनूं ACB टीम ने बड़ी कार्रवाई को अंजाम दिया है। टीम ने सीकर के रानोली पुलिस थाने के हैड कांस्टेबल को 15 हजार रुपए की रिश्वत लेते हुए रंगेहाथ गिरफ्तार किया है। आरोपी हैड कांस्टेबल 2 दिन पहले ही ASI पद पर प्रमोट हुआ था। जो जल्द ही ट्रेनिंग के लिए जाने वाला था। इसके पहले ही वह रिश्वत लेते पकड़ा गया। झुंझुनूं ACB के DYSP शब्बीर खान के अनुसार 28 सितंबर को परिवादी ने एंटी करप्शन ब्यूरो के हेल्पलाइन नंबर पर कांटेक्ट किया। जिसने बताया कि उसके भतीजे ने लड़की के साथ जाकर शादी कर ली थी। उस लड़की की गुमशुदगी रानोली पुलिस थाने में दर्ज थी। जिसकी जांच हैड कांस्टेबल रामनिवास बाजिया कर रहा था। लड़की पुलिस के सामने पेश भी हो गई जिसने खुद की मर्जी से लड़के के साथ जाना बताया और लड़के के पक्ष में ही बयान दिए। इसके बावजूद हैड कांस्टेबल रामनिवास लड़के के खिलाफ कोई कार्रवाई नहीं करने की एवज में 20 हजार रुपए की डिमांड कर रहा था। ऐसे में इस शिकायत का सत्यापन करवाया गया। जिसके बाद आज सत्यापन के दौरान हैड कांस्टेबल ने 15 हजार रुपए लेने पर सहमति जताई। आज जब हैड कांस्टेबल रामनिवास ने पुलिस थाने के बाहर वह रिश्वत ली तो उसे तुरंत गिरफ्तार करके रिश्वत की राशि बरामद की गई। डीवाईएसपी शब्बीर खान के अनुसार हाल ही में हैड कांस्टेबल रामनिवास बाजिया का हैड कांस्टेबल से सहायक उप निरीक्षक (ASI) के पद पर प्रमोशन हुआ था। जिसकी ट्रेनिंग करने के लिए वह जाने वाले थे। लेकिन इसके पहले ही उन्हें रंगेहाथ रिश्वत लेते हुए गिरफ्तार कर लिया गया। बुधवार को ही इनका प्रमोशन होने की जानकारी सामने आई। मामले के परिवादी मुकेश भास्कर का कहना है कि उनके भतीजे ने लड़की से शादी कर ली थी। पुलिस ने उनके भतीजे को लक्ष्मणगढ़ इलाके से पकड़कर शांतिभंग में गिरफ्तार भी किया। इसके अलावा भतीजे के साथ एक लड़का और था उसे भी गिरफ्तार किया गया। जब उन्हें रानोली पुलिस थाने पर लाया गया तो लड़की के भाई और एक दोस्त के द्वारा दोनों लड़कों के साथ मारपीट भी की गई। लड़की के द्वारा बयान देने के बाद भी हैड कांस्टेबल रिश्वत लेने की बात पर अड़ा रहा। लड़के के घरवालों ने उसे 2100 रुपए दे दिए थे। लेकिन फिर भी वह पैसों की डिमांड करता रहा। पैसे नहीं देने पर कहता कि लड़के के खिलाफ जो फाइल चल रही है वह बंद नहीं करेंगे और लड़की के घरवालों को भी पाबंद नहीं करेंगे। हैड कांस्टेबल ने रिश्वत लेने के लिए लड़के के घरवालों को कहा कि 20 लाख रुपए देने पर भी शादी नहीं होती है मैं तो केवल 20 हजार रुपए मांग रहा हूं। इनपुट : लोकेश कुमावत,रानोली-पलसाना

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *