होली उत्सव के पावन अवसर पर श्री अरुण व्यास जी के मंडल द्वारा रविवार को प्रातः 10 बजे से 12 बजे तक श्री हरिनाम संकीर्तन का आयोजन किया गया। दो घंटे तक चले इस संकीर्तन में भक्ति की अमृतमयी रसधारा प्रवाहित होती रही, जिससे संपूर्ण वातावरण भक्तिमय हो उठा। यह कार्यक्रम श्री सिद्धिविनायक मन्दिर परिसर में आयोजित हुआ। मंदिर प्रांगण में सुबह से ही श्रद्धालुओं की भीड़ उमड़ पड़ी। भजन-कीर्तन के मधुर स्वरों पर श्रद्धालु भाव-विभोर होकर झूम उठे और हरिनाम संकीर्तन में तन-मन से सहभागी बने। कार्यक्रम के दौरान होली के रंगों के साथ भक्ति का रंग भी खूब बिखरा। उपस्थित भक्तों ने एक स्वर में हरिनाम का गुणगान कर वातावरण को आध्यात्मिक ऊर्जा से भर दिया। श्रद्धालुओं की बड़ी संख्या में उपस्थिति ने आयोजन को अत्यंत सफल और यादगार बना दिया। मंडल के सदस्यों ने सभी भक्तों का आभार व्यक्त किया ।


