10वीं व 12वीं परीक्षा में 58 हजार परीक्षार्थी होंगे शामिल:सागर में 142 परीक्षा केंद्र तैयार किए, मोबाइल बैन, 2 सेंटर अति संवेदनशील

माध्यमिक शिक्षा मंडल की 10वीं और 12वीं की बोर्ड परीक्षाओं को लेकर गुरुवार को सागर कलेक्टर संदीप जीआर ने अधिकारियों की बैठक ली। उन्होंने सख्त निर्देश दिए कि परीक्षा केंद्रों के अंदर मोबाइल समेत सभी इलेक्ट्रॉनिक डिवाइस पूर्णतः प्रतिबंधित रहेंगे। सोशल मीडिया पर भी कड़ी नजर रखी जाएगी। जिले में कुल 142 परीक्षा केंद्र बनाए गए हैं, जहां 58 हजार से अधिक परीक्षार्थी परीक्षा देंगे। परीक्षा के सुचारू संचालन के लिए जिला पंचायत सीईओ विवेक केवी को नोडल अधिकारी नियुक्त किया गया है। जिला शिक्षा अधिकारी अरविंद जैन ने बताया कि जिले में कुल 58,880 परीक्षार्थी शामिल होंगे। इनमें हाई स्कूल (10वीं) के 33,998 और हायर सेकेंडरी (12वीं) के 24,882 छात्र-छात्राएं हैं। सभी 142 परीक्षा केंद्रों पर केंद्राध्यक्ष, सहायक केंद्राध्यक्ष और पर्यवेक्षकों को भी मंडल के निर्देशों का पालन करते हुए अपने-अपने मोबाइल परीक्षा शुरू होने से पहले केंद्र पर जमा कराने होंगे। 2 सेंटर अति संवेदनशील, पुलिस अभिरक्षा में बंटेंगे पेपर जिले में दो अति संवेदनशील परीक्षा केंद्र बनाए गए हैं। इनमें ‘शासकीय पंडित रविशंकर शुक्ल कन्या उच्चतर माध्यमिक विद्यालय’ और ‘महारानी लक्ष्मीबाई सांदीपनि विद्यालय क्रमांक-1’ (सागर) शामिल हैं। यहां विशेष ऑब्जर्वर तैनात किए गए हैं। कलेक्टर ने निर्देश दिए कि प्रश्न पत्र और गोपनीय सामग्री का वितरण पुलिस अभिरक्षा में किया जाए। समन्वय संस्था में 24 घंटे पुलिस गार्ड तैनात रहेंगे। उड़न दस्ता रखेगा नजर, कंट्रोल रूम बनेंगे कलेक्टर ने निर्देश दिए कि परीक्षा के दौरान उड़न दस्ता लगातार निरीक्षण करे। कहीं कोई गड़बड़ी होने पर तत्काल सख्त अनुशासनात्मक कार्रवाई की जाएगी। इसके अलावा जिला और विकासखंड स्तर पर कंट्रोल रूम स्थापित करने के निर्देश भी दिए गए। बैठक में संभागीय अधिकारी (माशिमं) आर.एस. दाहिमा, समन्वय संस्था के प्राचार्य सुधीर तिवारी, शैलेंद्र जाट समेत अन्य अधिकारी मौजूद थे।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *