छत्तीसगढ़ के सक्ती जिले में 10 करोड़ की लागत से बनी सड़क खराब हो गई है। नगर पंचायत डभरा में थाना चौक से महाविद्यालय मार्ग तक गौरवपथ का निर्माण हुआ है। कुछ ही महीने पहले सड़क बनी थी जो अब परत-दर-परत उखड़ रही है। सड़क निर्माण का ठेका बालाजी कंस्ट्रक्शन को दिया गया था। हाल ही में कराई गई कोर कटिंग टेस्टिंग में सड़क फेल हो गई। जिससे साबित हुआ कि निर्माण में मानकों की अनदेखी की गई। वही, ठेकेदारों को नोटिस जारी कर जवाब मांगा गया है। अधिकारियों की मिलीभगत का आरोप स्थानीय नागरिकों का आरोप है कि सड़क की गुणवत्ता की बजाय बजट खपत और कमीशनबाजी को प्राथमिकता दी गई। उनका कहना है कि ठेकेदार और विभागीय अधिकारियों की मिलीभगत से घटिया निर्माण कराया गया। मुख्यमंत्री और कलेक्टर तक शिकायत पहुंचने के बावजूद अभी तक ठेकेदार पर कोई कड़ी कार्रवाई नहीं की गई है।


