12वीं के विद्यार्थियों को सिखाई ऑनलाइन ई-प्रवेश प्रक्रिया

भास्कर संवाददाता| खरगोन पीजी कॉलेज की कॉलेज चलो अभियान की टीम ने देवी अहिल्या शासकीय उत्कृष्ट विद्यालय क्रमांक 1 पहुंचकर 12वीं कक्षा के विद्यार्थियों को ऑनलाइन ई-प्रवेश प्रक्रिया का प्रशिक्षण दिया। कॉलेज चलो अभियान व राष्ट्रीय शिक्षा नीति के नोडल अधिकारी डॉ. जियालाल अकोले ने बताया कि अभियान का उद्देश्य अधिक से अधिक युवाओं को उच्च शिक्षा से जोड़ना, उन्हें डिजिटल माध्यमों से सहज प्रवेश उपलब्ध कराना और नई शिक्षा नीति की भावना के अनुरूप शैक्षणिक अवसर प्रदान करना है। उन्होंने कहा कि नई शिक्षा नीति 2020 के अंतर्गत छात्रों के अधिकार, प्रवेश, पंजीयन और प्रशासनिक प्रक्रियाओं को सरल और पारदर्शी बनाया गया है। डॉ. अकोले ने बताया कि टीम विद्यालयों, समुदायों और ग्रामीण अंचलों तक पहुंचकर विद्यार्थियों को जागरूक कर रही है। कॉलेजों में हेल्पडेस्क, डिजिटल सहायता केंद्र और परामर्श शिविर भी स्थापित किए गए हैं, जिससे सभी विद्यार्थियों को मार्गदर्शन आसानी से उपलब्ध हो सके। अभियान टीम का कहना है कि डिजिटल प्रवेश मॉडल से प्रक्रिया अधिक पारदर्शी, समयबद्ध और सरल बनी है। विद्यार्थियों ने भी बताया कि ई-प्रवेश से कॉलेज में बार-बार जाने की जरूरत नहीं पड़ती और मोबाइल से ही प्रवेश प्रक्रिया पूरी की जा सकती है। प्रशिक्षण के अंत में विद्यालय के प्राचार्य राजेंद्र पाटीदार और विद्यार्थियों ने ऑनलाइन प्रवेश व नई शिक्षा नीति के अंतर्गत विषय चयन से जुड़े प्रश्न पूछे, जिनका समाधान नोडल अधिकारी ने दिया। इस मौके पर दल के सदस्य प्रमोद सावनेर, शिक्षक पुरुषोत्तम पाटीदार सहित अन्य शिक्षक व शिक्षिकाएं और 200 से अधिक विद्यार्थी मौजूद थे।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *