12वीं पास कर चुके युवाओं के लिए अच्छी खबर है। छत्तीसगढ़ व्यापमं इस महीने आबकारी आरक्षक भर्ती के लिए वैकेंसी जारी करने जा रहा है। कुल 200 पदों पर भर्ती की प्रक्रिया होगी और परीक्षा जुलाई में आयोजित की जाएगी। इस भर्ती के लिए न्यूनतम शैक्षणिक योग्यता 12वीं पास निर्धारित होने के कारण बड़ी संख्या में आवेदन आने की संभावना है। पहली बार व्यापमं करेगा परीक्षा का आयोजन यह पहली बार होगा जब आबकारी आरक्षक पद के लिए परीक्षा व्यापमं द्वारा आयोजित की जाएगी। पिछले साल आबकारी विभाग ने व्यापमं को भर्ती प्रक्रिया संचालित करने का प्रस्ताव भेजा था, जिसे मंजूरी मिल गई। हाल ही में विभाग द्वारा वैकेंसी से जुड़ा विज्ञापन भी जारी किया गया है। अब व्यापमं जल्द ही भर्ती नियम, सिलेबस और आवेदन प्रक्रिया से जुड़ी विस्तृत जानकारी साझा करेगा। गौरतलब है कि अभी तक जिला आबकारी अधिकारी और आबकारी उप निरीक्षक जैसे उच्च पदों की भर्ती CGPSC के माध्यम से होती थी, लेकिन आबकारी आरक्षक पद के लिए अब व्यापमं परीक्षा आयोजित करेगा। कुछ समय पहले व्यापमं ने इस साल होने वाली परीक्षाओं का कैलेंडर जारी किया था, जिसके अनुसार आबकारी आरक्षक की परीक्षा 27 जुलाई को होगी। व्यापमं ने जारी की साल की पहली वैकेंसी व्यापमं ने हाल ही में PHED सब-इंजीनियर पद के लिए साल की पहली वैकेंसी निकाली थी। इस भर्ती के तहत 128 पदों के लिए आवेदन मांगे गए हैं। इच्छुक उम्मीदवार 1 अप्रैल तक ऑनलाइन आवेदन कर सकते हैं, जबकि परीक्षा 27 अप्रैल को आयोजित की जाएगी। 12वीं पास भर्ती में हो सकता है बड़ा कॉम्पिटिशन पिछले साल अक्टूबर 2023 में उच्च शिक्षा विभाग द्वारा प्रयोगशाला परिचारक और ग्रेड-4 पदों के लिए वैकेंसी जारी की गई थी। इस भर्ती में न्यूनतम शैक्षणिक योग्यता 12वीं पास होने के कारण 880 पदों पर 7 लाख से अधिक आवेदन आए थे। इसी तरह, आबकारी आरक्षक भर्ती में भी 5 लाख से ज्यादा आवेदन आने का अनुमान है। गौरतलब है कि प्रयोगशाला परिचारक भर्ती परीक्षा पिछले साल आयोजित होनी थी, लेकिन कुछ कारणों से इसे टाल दिया गया था। अब व्यापमं ने घोषणा की है कि यह परीक्षा 3 अगस्त 2025 को आयोजित की जाएगी। क्या करें अभ्यर्थी? जो युवा आबकारी आरक्षक भर्ती में आवेदन करना चाहते हैं, उन्हें व्यापमं की आधिकारिक वेबसाइट पर नजर बनाए रखनी होगी। जल्द ही आवेदन प्रक्रिया शुरू होगी और विस्तृत गाइडलाइन भी जारी की जाएगी।


