कभी रैन बसेरे में भूखे पेट रात गुजारने वाले भरतपुर के 19 साल के युवा बल्लेबाज कार्तिक शर्मा आज आईपीएल के नए स्टार बन गए हैं। आईपीएल-2026 के मिनी ऑक्शन में चेन्नई सुपर किंग्स ने उन्हें 30 लाख की बेस प्राइस से सीधे 14.20 करोड़ रुपए में खरीद लिया। यह रकम बेस प्राइस से करीब 47 गुना ज्यादा है। आईपीएल इतिहास में यह पहली बार हुआ है जब किसी अनकेप्ड भारतीय खिलाड़ी पर इतनी बड़ी बोली लगी हो। इसी ऑक्शन में 20 साल के प्रशांत वीर भी संयुक्त रूप से सबसे महंगे अनकेप्ड भारतीय खिलाड़ियों में शामिल हो गए हैं। कार्तिक अब आईपीएल-2026 में सीएसके की पीली जर्सी में नजर आएंगे। उनकी बल्लेबाजी शैली की तुलना केविन पीटरसन से की जाती है। आक्रामक शॉट्स खेलने और बड़े छक्के लगाने में माहिर कार्तिक की इसी काबिलियत ने फ्रेंचाइजी को उन पर बड़ा दांव लगाने के लिए मजबूर किया। संघर्षों से निकलकर करोड़ों की बोली तक पहुंची कार्तिक की यह कहानी आज भरतपुर ही नहीं, पूरे देश के युवा खिलाड़ियों के लिए प्रेरणा बन गई है। चोट की वजह से पिता ने क्रिकेट छोड़ा तो शादी से पहले ही बच्चों को क्रिकेटर बनाने की ठानी भरतपुर जैसे छोटे शहर से आईपीएल तक पहुंचने का कार्तिक शर्मा का सफर संघर्ष भरा रहा है। आमतौर पर युवा खिलाड़ी बड़े अंतरराष्ट्रीय क्रिकेटरों को अपना आइडियल मानते हैं, लेकिन कार्तिक के लिए उनके पिता ही उनके हीरो और सबसे बड़ी प्रेरणा रहे हैं। कार्तिक के पिता मनोज बताते हैं कि उन्हें बेटे की काबिलियत पर भरोसा था, लेकिन 14.20 करोड़ रुपए की बड़ी बोली की उम्मीद नहीं थी। चेन्नई सुपर किंग्स ने कार्तिक पर भरोसा जताया, यही हमारे लिए सबसे बड़ी उपलब्धि है,” मनोज शर्मा ने अपने संघर्षों को याद करते हुए बताया कि वर्ष 1995 में गांव के एक क्रिकेट टूर्नामेंट के दौरान उनके कंधे में गंभीर चोट लग गई थी। वह मीडियम पेसर थे, लेकिन मार के डर से घर पर चोट के बारे में नहीं बताया। इलाज न मिलने से चोट बढ़ गई और उन्हें क्रिकेट छोड़ना पड़ा। उसी दिन उन्होंने मन में ठान लिया था कि शादी के बाद बेटा हो या बेटी, उसे क्रिकेटर जरूर बनाएंगे। करीब 30 साल बाद उनका यह सपना पूरा हुआ। मनोज शर्मा बताते हैं कि पांच साल पहले वह कार्तिक को लेकर ग्वालियर में एक क्रिकेट टूर्नामेंट खेलने गए थे। वहां रुकने के लिए पैसे नहीं थे, इसलिए पिता-पुत्र ने रैन बसेरे में भूखे पेट रात गुजारी। अगले दिन मैच जीतने पर मिली इनामी राशि से दोनों घर लौट सके। “भरतपुर ही नहीं राजस्थान क्रिकेट के लिए आज का दिन ऐतिहासिक है। मुझे उम्मीद है कि आईपीएल में शानदार प्रदर्शन कर टीम इंडिया में भी खेलेंगे। कार्तिक क्रिकेट के प्रति समर्पित रहे हैं। इससे पहले भी अपनी शानदार परफॉर्मेंस की बदौलत दिल जीतते आए हैं। जिला क्रिकेट संघ हमेशा प्रतिभाओं के साथ खड़ा है।”
-शत्रुधन तिवारी, सचिव, जिला क्रिकेट संघ


