राजपूत करणी सेना 14 दिसंबर 2025 को सोनकच्छ में ‘समान अधिकार यात्रा’ निकालेगी। यह यात्रा विशेष रूप से आर्थिक रूप से कमजोर वर्ग (ईडब्ल्यूएस) के हितों, अधिकारों और समस्याओं के समाधान के लिए समाज में जागरूकता फैलाने के उद्देश्य से आयोजित की जा रही है। यात्रा का शुभारंभ कृषि मंडी से दोपहर 1 बजे होगा। शनिवार को इसकी तैयारियों को लेकर देवास के मल्हार स्मृति मंदिर परिसर में सभा की गई। सभा में प्रदेशाध्यक्ष किरण सिंह और प्रदेश प्रभारी जितेंद्र सिंह चौहान मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। सभा की अध्यक्षता कार्यकारी प्रदेशाध्यक्ष विशाल सिंह रघुवंशी ने की। ईडब्ल्यूएस आरक्षण का लाभ नहीं मिल रहा प्रदेशाध्यक्ष किरण सिंह ने कहा कि यह आंदोलन सर्व समाज के अधिकारों की पुनःस्थापना का एक महत्वपूर्ण पड़ाव है। उन्होंने स्पष्ट किया कि भले ही केंद्र सरकार ने 10 प्रतिशत ईडब्ल्यूएस आरक्षण लागू किया है, लेकिन मध्य प्रदेश में लागू कठोर शर्तें इसे वास्तविक लाभार्थियों तक पहुंचने से रोक रही हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि सामान्य वर्ग के पात्र परिवार जटिल प्रावधानों की वजह से वास्तविक लाभ से वंचित हैं। आरक्षण को 10 प्रतिशत से बढ़ाकर 20 प्रतिशत करने की मांग प्रदेश प्रभारी जितेंद्र सिंह चौहान ने करणी सेना की प्रमुख मांगें बताईं। इनमें ईडब्ल्यूएस आरक्षण को 10 प्रतिशत से बढ़ाकर 20 प्रतिशत करना, अन्य आरक्षित वर्गों की तरह प्रतियोगी परीक्षाओं में ईडब्ल्यूएस उम्मीदवारों को 5 वर्ष की आयु सीमा छूट देना, यूपीएससी सहित सभी परीक्षाओं में अतिरिक्त प्रयासों की अनुमति देना और मेधावी विद्यार्थी योजना, आकांक्षा योजना, प्रसूति सहायता योजना जैसी राज्य योजनाओं में ईडब्ल्यूएस वर्ग को शामिल करना शामिल है। यात्रा को लेकर तैयारियां शुरू कार्यकारी प्रदेशाध्यक्ष विशाल सिंह रघुवंशी ने बताया कि इस अभियान का नेतृत्व संगठन के पदाधिकारी एकजुटता के साथ कर रहे हैं। यात्रा को ऐतिहासिक बनाने की तैयारियां चल रही हैं। जारी पोस्टर के अनुसार, कार्यक्रम में श्री राजपूत करणी सेना के संस्थापक और राष्ट्रीय पदाधिकारी भी उपस्थित रहेंगे। यात्रा का मुख्य उद्देश्य समाज में समान अवसर और संवैधानिक अधिकारों की रक्षा सुनिश्चित करना है।


