15 जून से सदर अस्पताल में एमआरआई शुरू

उपायुक्त मंजूनाथ भजंत्री की अध्यक्षता में बुधवार को सदर अस्पताल के सभागार में अस्पताल प्रबंधन समिति (गवर्निंग बॉडी) की एक महत्वपूर्ण बैठक हुई। बैठक के बाद उपायुक्त ने बताया कि सदर अस्पताल में 15 जून से अस्पताल में सभी रोगियों को एमआरआई जांच की सुविधा मिलने लगेगी। उन्होंने कहा कि सदर अस्पताल में कई अन्य सुपर स्पेशलिटी सेवाओं की भी शुरुआत करने की तैयारी की जा रही है। सदर अस्पताल की व्यवस्थाओं को और बेहतर बनाने के लिए बैठक में निर्णय लिया गया कि अब आईसीयू में बेड की संख्या 30 से बढ़ाकर 60 की जाएगी, साथ ही जिले के 14 प्रखंडों में संचालित सरकारी सीएचसी-पीएचसी से संग्रहित ब्लड सैंपल्स की जांच सदर अस्पताल के पैथोलॉजी विभाग में होगी। मरीज को रिपोर्ट उनके मोबाइल पर भेजा जाएगा। इसका सफल संचालन सदर अस्पताल में जारी है, जहां जांच के बाद रिपोर्ट की पीडीएफ रोगियों के प​रिजनों को उपलब्ध कराई जा रही है। बैठक में सिविल सर्जन डॉ. प्रभात कुमार, आयुष्मान के नोडल पदाधिकारी, चिकित्सा विशेषज्ञ, रोगी कल्याण समिति के सदस्य और अन्य शामिल हुए। बैठक का उद्देश्य स्वास्थ्य सेवाओं में सुधार, बुनियादी ढांचे के विकास तथा रोगी कल्याण योजनाओं की समीक्षा करना था। मरीज हित में इन महत्वपूर्ण बिंदुओं पर स्वीकृति… पेट स्कैन सेवाओं की स्थापना : सदर अस्पताल रांची में अत्याधुनिक पेट स्कैन सेवाओं की स्थापना का प्रस्ताव स्वीकृत किया गया। यह सुविधा कैंसर और अन्य जटिल रोगों के निदान में मील का पत्थर साबित होगी। मैमोग्राफी सेवाओं का संचालन : महिलाओं के स्वास्थ्य को प्राथमिकता देते हुए अस्पताल में मैमोग्राफी की शुरुआत का निर्णय लिया गया। यह सुविधा स्तन कैंसर की प्रारंभिक जांच और रोकथाम में योगदान देगी। 24×7 होगा अल्ट्रासाउंड, एक्स-रे : आपातकालीन और नियमित चिकित्सा जरूरतों को पूरा करने के लिए 24×7 रेडियोलॉजी सेवाएं (अल्ट्रासाउंड, एक्स-रे आदि) शुरू करने का फैसला लिया गया। दो मॉड्यूलर ओटी सेट किए जाएंगे : दो अत्याधुनिक मॉड्यूलर ऑपरेशन थिएटर (ओटी) स्थापित करने के प्रस्ताव पर गंभीरता से विचार किया गया, जो जटिल सर्जरी के लिए सुसज्जित होंगे। इसे स्वीकृति दी गई। पारदर्शी और किफायती होंगी दरें : गैर आयुष्मान भारत योजना के तहत आने वाले मरीजों और नकद भुगतान करने वाले सर्जिकल रोगियों के लिए पारदर्शी और किफायती दरें निर्धारित करने का निर्देश दिया गया। एनआईसीयू की होगी स्थापना : गर्भवती महिलाओं व नवजात शिशुओं के लिए विशेष देखभाल इकाई (एनआईसीयू) की स्थापना के लिए बजट आवंटन पर सहमति बनी। जल्द ही विशेष देखभाल यूनिट तैयार होगा। रोबोटिक सर्जरी भी होगी सदर अस्पताल को अत्याधुनिक सुविधा से लैस करते हुए भविष्य में रोबोटिक सर्जरी को भी शुरुआत करने पर विचार किया गया ताकि जटिल ऑपरेशन को रोबोटिक सर्जरी से आसानी से किया जा सकें। साथ ही कोविड को लेकर सतर्कता बनाए रखने के निर्देश दिए। सदर अस्पताल प्रबंधन समिति सह गवर्निंग बॉडी की बैठक में महत्वपूर्ण एजेंडों पर चर्चा

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *