भास्कर संवाददाता | रायसेन जिले में सड़क दुर्घटनाओं पर अंकुश लगाने और आमजन को यातायात नियमों के प्रति जागरूक करने के उद्देश्य से सड़क सुरक्षा माह के तहत लगातार कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं। 1 जनवरी से 30 जनवरी तक चल रहे इस अभियान के अंतर्गत सोमवार को यातायात पुलिस और सेम कॉलेज के संयुक्त तत्वावधान में शहर में जागरूकता रैली और नुक्कड़ नाटक का आयोजन किया गया। रैली से पूर्व यातायात कार्यालय में यातायात प्रभारी लता मालवीय ने छात्र-छात्राओं को सड़क सुरक्षा के महत्व और नियमों के पालन की जानकारी दी। इस दौरान प्रोजेक्टर के माध्यम से सड़क सुरक्षा पर आधारित एक लघु फिल्म भी दिखाई गई, जिससे छात्रों को दुर्घटनाओं के कारणों और उनसे बचाव के तरीकों की समझ मिल सके। हेलमेट नहीं पहनना बन रहा जान का दुश्मन यातायात पुलिस के आंकड़ों के अनुसार पिछले 15 दिनों में हेलमेट नहीं पहनने के कारण हुई बाइक दुर्घटनाओं में 5 लोगों की मौत हो चुकी है, जबकि 6 से अधिक लोग गंभीर रूप से घायल हुए हैं। अधिकांश मामलों में सिर में गंभीर चोट लगने के कारण जान चली गई। पुलिस का कहना है कि लगातार जागरूकता अभियान के बावजूद लोग बिना हेलमेट दोपहिया वाहन चला रहे हैं, जिससे दुर्घटना की स्थिति में जान का खतरा कई गुना बढ़ जाता है।


