भास्कर न्यूज | जामताड़ा जिलेभर में मौसम में लगातार उतार-चढ़ाव देखने को मिल रहा है। मौसम वैज्ञानिक ने बताया कि 15 मई को जिले में वर्षा होने की संभावना है। जिले के आधे हिस्से में सूखा तो आधे हिस्से में वर्षा हो सकती है। इसके बाद 16, 17 और 18 मई को जिले में आंशिक बादल छाए रहेंगे और मौसम शुष्क बना रहेगा। जिले में अगले पांच दिनों में अधिकतम तापमान में धीरे-धीरे 3 से 5 डिग्री की बढ़ोतरी होगी। 14, 15 और 20 मई को जिले में कहीं-कहीं मेघगर्जन के साथ हल्की वर्षा होने की संभावना है। इसे लेकर विभाग ने येलो अलर्ट भी जारी किया है। वहीं पिछले 24 घंटे के मौसम की बात करें तो जिले में कहीं-कहीं मेघगर्जन और आंधी के साथ हल्की व मध्यम दर्जे की वर्षा हुई। इस सप्ताह जिले में कैसा रहेगा तापमान मौसम विभाग ने 13 मई को अधिकतम तापमान 39 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम 26 डिग्री सेल्सियस, 14 मई को अधिकतम 40 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम 26 डिग्री सेल्सियस, 15 मई को अधिकतम 39 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 25 डिग्री सेल्सियस, 16 मई को अधिकतम तापमान 40 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम 27 डिग्री सेल्सियस, 17 मई को अधिकतम तापमान 38 िडग्री सेल्सियस और न्यूनतम 26 डिग्री सेल्सियस, 18 मई को अधिकतम 36 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 26 डिग्री सेल्सियस, 19 मई को अधिकतम 35 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 26 डिग्री सेल्सियस, 20 मई को अधिकतम 35 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 27 डिग्री सेल्सियस, 21 मई को अधिकतम 34 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 26 डिग्री सेल्सियस रहने की संभावना है। मौसम बदलाव का असर फसलों पर भी होगा: मौसम वैज्ञानिक ने कहा कि पिछले दिनों मौसम में हुए उतार चढ़ाव से किसानों को लाभ और नुकसान दोनों हुआ है। एक तरफ जहां जेठुआ फसल बारिश से गलन रोग और गर्मी से झुलसा रोग हुआ है, वहीं दूसरी ओर धान की नर्सरी लगाने के लिए खेतों में पर्याप्त नमी है। खेतों में नमी पहुंचने से किसानों को धान बीज नर्सरी के लिए खेतों की जुताई करने में आसानी हुई है।


