1942 सिख श्रद्धालुओं का जत्था आज पाक होगा रवाना, एसजीपीसी ने बांटे पासपोर्ट

अमृतसर |पाकिस्तान स्थित सिख गुरुधामों में बैसाखी पर्व पर खालसा साजना दिवस मनाने के लिए 1942 सिख श्रद्धालुओं का जत्था वीरवार को शिरोमणि गुरुद्वारा प्रबंध कमेटी के दफ्तर से रवाना होगा। इस बार पाक सरकार ने सभी श्रद्धालुओं को वीजा दिया है। वीरवार सुबह 8 बजे जत्था मैंबर जंग बहादुर सिंह की अध्यक्षता में पाकिस्तान रवाना होगा। उनके साथ डिप्टी लीडर के तौर पर मैंबर बीबी जोगिंदर कौर बठिंडा, अंतरिम कमेटी के मैंबर रविंदर सिंह खालसा, मैंबर जसपाल कौर और रामपाल सिंह बहणीवाल भी होंगे। जत्थे में शामिल जिन श्रद्धालुओं के वीजा लगे उनके पासपोर्ट बुधवार को कमेटी के दफ्तर में वितरित किए गए। इस दौरान ओएसडी सतबीर सिंह धामी ने कहा कि पाकिस्तान में सिख गुरुधामों के दर्शनों की हर सिख के मन में इच्छा रहती है और जत्थे में जा रहे श्रद्धालुओं में उत्साह और खुशी होना लाजिमी है। उन्होंने शिरोमणि कमेटी की ओर से जत्थे के लिए हर तरह के प्रबंध कर लिए गए है और 10 अप्रैल को सुबह संगत को पंथक रिवायतों के अनुसार शिरोमणि कमेटी दफ्तर से रवाना किया जाएगा। उन्होंने बताया कि शिरोमणि कमेटी की ओर से इस बार 1942 श्रद्धालुओं के पासपोर्ट वीजा के लिए भेजे गए थे, जिन्हें दिल्ली स्थित पाकिस्तान दूतावास ने वीजा जारी किए हैं। उन्होंने कहा कि यह खुशी की बात है कि इस बार सभी श्रद्धालुओं को वीजा मिले हैं, जिससे संगत में काफी उत्साह है। उन्होंने कहा कि जो श्रद्धालु पासपोर्ट लेने के लिए नहीं पहुंचे हैं, वह जत्थे की रवानगी से पहले अपने पासपोर्ट प्राप्त करें।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *