भास्कर न्यूज| अमृतसर निगम चुनाव को लेकर 5 हलकों के अधीन आते 85 वार्डों में 44.05% वोटिंग हुई जो 7 साल पहले हुए निगम चुनाव की तुलना में 9.95% कम है। सबसे अधिक सेंट्रल हलका में तो कम नॉर्थ में 47.93% वोटिंग हुई। वोटिंग कम होने की बजह चुनाव के लिए कम समय माना जा रहा है। बीते 8 दिसंबर को नोटिफिकेशन जारी हुआ और महज 11 दिनों की प्रक्रिया में सारा चुनाव संपन्न हो गया। इनमें 5 दिन नामांकन भरने-जांच और वापसी में ही चले गए। नोटिफिकेशन जारी होने के दो माह पहले से प्रशासन वोटर लिस्ट तैयार कराने के बारे जानकारी तो देता रहा लेकिन अंदरखाते काम भगवान भरोसे ही रहा। वोटरों की लिस्ट प्रशासन के वेबसाइट पर अपलोड की गई लेकिन इस वेबसाइट के बारे ही लोग अवेयर नहीं थे। वहीं कई ऐसे डेटा पहले के गलत ही अपलोड चले आ रहे लेकिन सुधार पर जिम्मेदार अफसरों ने ध्यान नहीं दिया। वहीं प्रशासन की तरफ से वोटरों को जागरूक करने के लिए अभियान नहीं चलाया, 24 घंटे पहले 15 वार्डों के 84 बूथ बदलने की लिस्ट जारी की गई। इससे भी वोटरों में असमंजस की स्थिति बनी रही। सेंट्रल हलके में 47.93% , साउथ 41.78%, नॉर्थ 41.37%, वेस्ट 43.28% , ईस्ट 46.94% वोटिंग हुई। सर्दी के चलते हलका वेस्ट के कई बूथों में पौने 8 बजे तक इक्का दुक्का लोग वोट डालने पहुंचे। परंतु जैसे जैसे धूप चढ़ती गई लोग अपने घरों से निकलकर वोट डालने बूथों में पहुंचने लगे। सुबह 7 बजे से शाम 4 बजे तक चली वोटिंग में हलका वेस्ट के अधीन आते गांव माहल में लोगों ने जीटी रोड जाम करके आजाद उम्मीदवार के खिलाफ रोष प्रदर्शन किया। जबकि नारायणगढ़ के वार्ड नंबर 79 के कांग्रेसी बूथ पर जाकर आप उम्मीदवार के पति ने गाली गलौच किया। पुलिस की मौजूदगी में हुई गाली गलौच के बाद मौके पर पहुंचे पूर्व सीनियर डिप्टी मेयर रमन बख्शी के बीच बहसबाजी हुई। पुलिस ने किसी तरह मामला शांत करवाया। वहीं खंड़वाला माडल टाउन सरकारी स्कूल के वार्ड नंबर 82 में साढ़े 3 बजे भाजपा कार्यकर्ताओं ने जाली वोट डालने के आरोप लगाते हुए पुलिस के साथ बहसबाजी की। भाजपाइयों ने आरोप लगाते कहा कि पुलिस कांग्रेस से मिली-भुगत करके जाली वोट डलवा रही है। उन्हें चार लोगों को जाली वोट डालते पकड़कर पुलिस के हवाले किए है। इसके बाद पुलिस ने स्कूल के अंदर मौजूद सभी लोगों को बाहर जाने को कहा। चार बजते ही पुलिस ने बूथ का गेट बंद कर दिया। कल्लू का अखाड़ा स्थित सरकारी स्कूल के बाहर बने बूथों पर लोगों की भीड़ । .सुबह 9 बजे तक अमृतसर में औसतन 9%, अजनाला में 12% और बाबा बकाला साहिब में 9.5% वोटिंग हुई। .सुबह 11 बजे तक अमृतसर में औसतन 14.52% नगर पंचायत बाबा बकाला में 28.3%, रइया में 40.7% मजीठा में 25%, राजासांसी 27.54%, अजनाला 34.57% वोटिंग हुई। .दोपहर 1 बजे अमृतसर में 26.06% नगर पंचायत बाबा बकाला में 43.8%, नगर पंचायत रइया 53.9%, राजासांसी में 41.17%, नगर कौंसिल मजीठा 39.59%, अजनाला 52.33% . शाम 4 बजे तक 44.05% नगर पंचायत वोट बाबा बकाला 61.30% रइया 71.70% नगर कौंसिल मजीठा 60.85% वोटिंग हुई।


