20 जिलों में आज आंधी-बारिश,आकाशीय बिजली से 8 की मौत:साइक्लोनिक सर्कुलेशन का झारखंड में असर; शनिवार को 10 जिलों में हुई बारिश

राजधानी रांची सहित पूरे राज्य के मौसम का तेवर बदला हुआ है। शनिवार दोपहर बाद से राज्य के कई जिलों में काले बादल छाए और तेज हवा के साथ बारिश हुई। इस दौरान वज्रपात भी हुआ। राज्य के अलग-अलग हिस्से में वज्रपात की वजह से 8 लोगों की जान गई। शनिवार सुबह से तेज गर्मी थी। बारिश होने से तापमान में तीन डिग्री तक गिरावट आई है। इससे लोगों को गर्मी से राहत मिली है। वहीं मौसम विभाग का पूर्वानुमान है कि रविवार को राज्य के 20 जिलों में आंधी और बारिश हो सकती है। इन जिलों में आरेंज अलर्ट जारी किया गया है। दरअसल उत्तर प्रदेश से झारखंड और बंगाल के रास्ते एक सर्कुलेशन बांग्लादेश की ओर बढ़ रहा है। इस वजह से मौसम का मिजाज बदला हुआ है। आकाशीय बिजली से 8 की मौत राज्य के अलग-अलग जिले में लगभग घंटे भर की बारिश हुई। इस बारिश ने तबाही मचा कर रख दिया। कहीं छप्पर उड़ गए तो कहीं पार्किंग में खड़ी गाड़ियों में पेड़ गिर गए। जानकारी के मुताबिक आंधी और बारिश के बीच हुआ वज्रपात जानलेवा भी साबित हुआ है। इसकी वजह से हजारीबाग के चलकुशा में एक, रांची के रातू में एक, पलामू के हुसैनाबाद में एक, बोकारो के चंद्रपुरा घटियारी में एक, पेटरवार में एक बच्ची, जामताड़ा में एक और गिरिडीह में दो की मौत हो गई। मौसम विभाग ने अभी राहत मिलने की संभावना नहीं जताई है। 18 से 21 मई तक होती रहेगी बारिश मौसम केंद्र रांची के अनुसार शनिवार को 10 जिलों में बारिश हुई। सबसे अधिक 44.2 एमएम बारिश बोकारो थर्मल में हुई। मौसम केंद्र ने 21 मई तक बारिश होने के आसार हैं। वहीं दो दिन तक बारिश का ऑरेंज अलर्ट जारी किया है। मौसम केंद्र के मुताबिक 18 से 21 मई तक राज्य के अधिकतर क्षेत्रों में हल्के से मध्यम दर्जे की बारिश होगी। मौसम केन्द्र ने मई माह के तीसरे और चौथे सप्ताह में अधिकतम तापमान का रिकॉर्ड तोड़ने की संभावना जताई है। अधिकतम तापमान 38 से 43 डिग्री के बीच रह सकता है। वहीं न्यूनतम तापमान भी बढ़कर 28 डिग्री तक जा सकता है। इस वजह से रात में भी गर्मी से राहत नहीं मिलेगी। हालांकि, कोई साइक्लोनिक सर्कुलेशन या टर्फ लाइन का असर पड़ा तो रुक-रुक कर बारिश हुई तो गर्मी से लोगों को राहत मिल सकती है। कहां कितनी हुई बारिश मौसम विभाग की ओर से जारी आंकड़े के अनुसार शनिवार को 10 जिलों में बारिश हुई। सबसे अधिक 44.2 एमएम बारिश बोकारो थर्मल में हुई। वहीं देवघर में 16.5 मिमी, गोड्डा में 6 मिमी, हजारीबाग में 4.5 मिमी, रांची में 4.8 मिमी बारिश हुई। जबकि पिछले 24 घंटों के दौरान साहिबगंज में 20.2 मिमी, सिमडेगा में 20.0 समेत अन्य जगहों पर हल्की बारिश हुई।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *