लोहरदगा| नगर परिषद लोहरदगा के कर्मचारी 19 अप्रैल 2025 को जिला स्तरीय बैठक में भाग लेंगे। यह निर्णय 11 अप्रैल 2025 को उपायुक्त कार्यालय के सामने यूकलिप्टस मैदान में हुई सभा में लिया गया। सभा का आयोजन एआईसीसीटीयू और झारखंड राज्य स्थानीय निकाय कर्मचारी महासंघ के बैनर तले हुआ। कर्मचारियों की 17 सूत्री मांगों में 3 महीने से लंबित वेतन प्रमुख है। सफाई के लिए झाड़ू नहीं दिया जा रहा। सफाई व्यवस्था बिगड़ने पर कर्मचारियों को दोषी ठहराया जा रहा है। जीपीएफ कटौती का ब्याज सहित अद्यतन हिसाब नहीं दिया जा रहा। कुछ कर्मचारियों के जीपीएफ की राशि में गड़बड़ी की आशंका जताई गई है। वर्दी भी नहीं दी जा रही। आउटसोर्सिंग कंपनी, जो खुद को नगर परिषद का भागीदार बताती है, कर्मचारियों की समस्याओं पर ध्यान नहीं दे रही। वहां भी हालात जस के तस हैं। इसी को लेकर 20 अप्रैल 2025 को रांची में कन्वेंशन होगा। 26 अप्रैल 2025 को जिला स्तर पर प्रदर्शन किया जाएगा। इसके बाद 20 मई 2025 को राष्ट्रव्यापी हड़ताल की जाएगी। बैठक में काफी संख्या में कर्मचारी मौजूद थे।


