प्रदेश सरकार की मुख्यमंत्री तीर्थ दर्शन योजना के तहत अगली यात्रा नागपुर जाएगी। ये यात्रा 23 से 26 फरवरी 2025 तक चलेगी। इस यात्रा में भाग लेने के लिए इच्छुक यात्री 13 फरवरी 2025 तक आवेदन कर सकते हैं। अपर कलेक्टर नीरज शर्मा ने बताया कि ये कार्यक्रम धार्मिक न्यास एवं धर्मस्व विभाग भोपाल के निर्देशानुसार आयोजित किया जा रहा है। योजना के प्रचार-प्रसार के लिए नगरपालिका, नगर परिषद, जनपद पंचायत और ग्राम पंचायतों में विशेष अभियान चलाया जा रहा है। तहसील कार्यालयों में कर सकते हैं आवेदन
आवेदन जमा करने की प्रक्रिया को सुविधा युक्त बनाने के लिए विशेष व्यवस्था की गई है। दतिया तहसील के शहरी और ग्रामीण क्षेत्र के लोग अपने आवेदन तहसील कार्यालय में जमा कर सकते हैं, जबकि अन्य तहसीलों के निवासी अपने संबंधित तहसील कार्यालयों में आवेदन कर सकते हैं। अधिकारी करेंगे प्रक्रिया की निगरानी
प्रशासन ने प्रत्येक तहसील में एक विशेष काउंटर स्थापित करने का निर्णय लिया है, जहां एक लिपिक और एक ऑपरेटर नियुक्त किया है। इस पूरी प्रक्रिया की निगरानी नायब तहसीलदार स्तर के अधिकारी करेंगे। यात्रियों की अंतिम सूची में दंपती के मामले में पति-पत्नी के नाम एक साथ दर्ज किए जाएंगे और उन्हें एक ही क्रम संख्या दी जाएगी। इस योजना के तहत हाल ही में दतिया से दो सौ तीर्थयात्री रामेश्वरम की यात्रा पर गए हुए हैं। इस यात्रा में भी दतिया से 200 तीर्थयात्री शामिल होंगे।


