23 सितंबर तक भारी बारिश की आशंका , येलो अलर्ट जारी

भास्कर न्यूज | गिरिडीह जिले में मौसम के बदले मिजाज के साथ शुक्रवार को लगातार दूसरे दिन हल्के से मध्यम दर्जे की वर्षा दर्ज की गई। गुरुवार को बेंगाबाद में सर्वाधिक 32.2 मिमी और शुक्रवार को डुमरी में सर्वाधिक 26 मिमी वर्षा रिकार्ड की गई। जिले में गुरुवार को औसत वर्षा 13.55 मिमी और शुक्रवार को 8.50 मिमी दर्ज की गई। सितंबर माह में अब तक 105.85 मिमी वर्षा हुई है, जबकि सामान्य वर्षा 217.1 मिमी होती है। शुक्रवार को पूरे दिन आसमान में बादल छाए रहे और रिमझिम वर्षा होती रही, जिससे शहर से गांव तक जलजमाव की स्थिति उत्पन्न हो गई। बारिश से तापमान में गिरावट आई और उमस भरी गर्मी से राहत मिली। न्यूनतम तापमान 25 डिग्री और अधिकतम 30 डिग्री सेल्सियस रहा। मौसम वैज्ञानिक मधुकर कुमार के अनुसार, जिले में 23 सितंबर तक प्रतिदिन वर्षा होने की संभावना है। इस दौरान मध्यम से भारी वर्षा, 30-40 किमी प्रति घंटा की रफ्तार से हवा, मेघ गर्जन व वज्रपात की आशंका जताई गई है। येलो अलर्ट जारी किया गया है। तापमान में 2–3 डिग्री सेल्सियस की गिरावट हो सकती है। किसानों ने बताया कि धान की फसल में फूल आने का समय है और इस समय बारिश के साथ धूप जरूरी होती है। लगातार वर्षा से खेतों में पानी गर्म नहीं हो पा रहा, जिससे धान में फूल नहीं आ रहे हैं। हवा के साथ बारिश से धान गिरने और पिलाई की आशंका भी बढ़ गई है। बेहतर क्वालिटी के धान अधिक लंबे होने के कारण गिर रहे हैं। साथ ही धान में कालापन भी आ रहा है, जिससे उत्पादकता और स्वाद दोनों प्रभावित हो रहे हैं। कृषि वैज्ञानिक मधुकर कुमार ने कहा कि बारिश से सिर्फ धान ही नहीं, सब्जी की खेती और पशुपालन भी प्रभावित हो रहा है। खेतों में पानी जमा होने से सब्जियों की पैदावार कम हो रही है। पशुपालकों को भी कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है। किसानों को खेतों से जल निकासी की समुचित व्यवस्था करने की सलाह दी गई है। इसके अलावा, लगातार बारिश से दुर्गा पूजा की तैयारियां भी प्रभावित हो रही हैं। पंडाल निर्माण और अन्य कार्यों में देरी हो रही है, जिससे पूजा समितियों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *