बोकारो | भारतीय मजदूर संघ की बैठक सोमवार को सेक्टर-6 स्थित कार्यालय में जिलाध्यक्ष जितेन्द्र तिवारी की अध्यक्षता व जिला मंत्री अवधेश राय के संचालन में हुई। बैठक में पुरी ओडिशा में आयोजित 21वें त्रैवार्षिक अधिवेशन में पारित प्रस्तावों पर चर्चा की गई। जिला मंत्री अवधेश राय ने बताया कि अधिवेशन में श्रमिक हितों से जुड़े कई महत्वपूर्ण प्रस्ताव सर्वसम्मति से पारित किए गए हैं। इन्हीं प्रस्तावों के अनुपालन और श्रमिकों की ज्वलंत समस्याओं के समाधान को लेकर 25 फरवरी को राष्ट्रव्यापी धरना कार्यक्रम आयोजित किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि बोकारो जिला इकाई भी इस आह्वान के तहत धरना देगी और उपायुक्त के माध्यम से प्रधानमंत्री व केंद्रीय श्रम एवं रोजगार मंत्री को ज्ञापन सौंपेगी। उन्होंने कहा कि सभी क्षेत्रों के श्रमिकों पर श्रम कानूनों को बिना किसी अपवाद के सार्वभौमिक रूप से लागू किया जाए। वर्तमान श्रम संहिताओं में मौजूद श्रमिक चिंताओं का समाधान हो तथा त्रिपक्षीय तंत्र को पुनः सक्रिय कर भारतीय श्रम सम्मेलन का शीघ्र आयोजन किया जाए।


