कोटा विश्वविद्यालय का 12वां दीक्षांत समारोह 23 जनवरी को कृषि प्रबंध संस्थान स्थित ऑडिटोरियम, नयापुरा में आयोजित किया जाएगा। इस मौके पर साल 2023 की परीक्षाओं में पास कुल 80,117 विद्यार्थियों को यूजी, पीजी एवं पीएच.डी. की उपाधियां प्रदान की जाएंगी। समारोह की अध्यक्षता राजस्थान के राज्यपाल एवं विश्वविद्यालय के कुलाधिपति करेंगे। विश्वविद्यालय के कुलगुरु प्रो. बी.पी. सारस्वत ने बताया कि दीक्षांत समारोह में वर्ष 2023 में विभिन्न संकायों में मेरिट में प्रथम स्थान प्राप्त करने वाले 59 विद्यार्थियों को गोल्ड मेडल प्रदान किए जाएंगे। इनमें 17 छात्र एवं 42 छात्राएं शामिल हैं। 27 सिक्योरिटी फीचर होंगे डिग्री में कुलगुरु बीपी सारस्वत ने बताया कि हर साल डिग्री में सिक्योरिटी फीचर्स बढ़ाए जाते है। इस बार जो डिग्रियां स्टूडेंट्स को दी जा रही है वो 27 सिक्योरिटी फीचर्स से लैस है। उन्होंने कहा कि इन फिचर्स के बारे में बताना सही नहीं है लेकिन ये है कि अगर कोई भी यूनिवर्सिटी की डिग्री की कॉपी करता है या फर्जी बनाने की कोशिश करता है तो वो पकड़ा जाएगा। इसमें एक फिचर सिग्नेचर का है जिसमें स्कैन करने पर सिग्नेचर नजर आएगा, वैसे वह नजर नहीं आएगा। ऐसे कई सिक्योरिटी फीचर्स डिग्री में है। समावेशी दृष्टिकोण और गुणवत्ता-आधारित शिक्षा का प्रमाण कुलगुरु प्रो. बी.पी. सारस्वत ने कहा कि “80 हजार से अधिक विद्यार्थियों को उपाधि प्रदान करना कोटा विश्वविद्यालय की शैक्षणिक क्षमता, समावेशी दृष्टिकोण और गुणवत्ता-आधारित शिक्षा का प्रमाण है। उन्होंने कहा, “59 स्वर्ण पदक विजेता विद्यार्थी हमारी शैक्षणिक उत्कृष्टता के प्रतीक हैं। विशेष रूप से उल्लेखनीय है कि इनमें से 42 छात्राएं हैं, जो महिला सशक्तिकरण एवं शिक्षा के क्षेत्र में उनकी बढ़ती भागीदारी को दर्शाता है। यह हमारे समाज के बदलते परिदृश्य और शिक्षा के प्रति समान अवसर की नीति की सफलता है।” इन सब्जेक्ट में गोल्ड मेडल आर्ट्स संकाय में 10, समाज विज्ञान में 12, विज्ञान में 17, कॉमर्स में 9, लॉ में 2 एवं शिक्षा संकाय 9 गोल्ड मेडल दिए जाएंगे। कुलाधिपति व कुलपति पदक कला संकाय की पीजी विद्यार्थी वैशाली अग्रवाल को कुलाधिपति पदक तथा वाणिज्य संकाय के यूजी विद्यार्थी दीपांश को कुलपति पदक प्रदान किया जाएगा।


