भास्कर न्यूज | कोडरमा थाना क्षेत्र के बिकोबार गांव में शनिवार शाम करीब 4 बजे एक पिकअप वाहन सड़क के ऊपर लटक रहे बिजली तार से टकरा गया। इससे अचानक आग लग गई। आग की सूचना मिलते ही ग्रामीणों ने दमकल विभाग को जानकारी दी और आग बुझाने की कोशिश शुरू की। आग बुझाने के दौरान पुआल जलकर राख हो गया। वाहन को भी नुकसान पहुंचा। बाद में दमकल की टीम मौके पर पहुंची। जानकारी के अनुसार गांव के ही एक व्यक्ति ने दूसरे स्थान से पुआल लोड कर लाया था। आग लगने से चारों ओर धुआं फैल गया। इससे ग्रामीणों में अफरा-तफरी मच गई। भास्कर न्यूज | चतरा सदर थाना पुलिस ने शुक्रवार की देर शाम शहर के चीना मैदान के पास से गोकशी के लिए रखे गए 29 मवेशियों को जब्त किया है। पुलिस को मिली गुप्त सूचना के आधार पर यह छापेमारी की गई। छापेमारी किए जाने की भनक इस कारोबार में जुड़े लोगों को लग गई। जिसके कारण पुलिस को आने से पहले ही कारोबारी भाग गए। जब्त किये गए मवेशियों को सदर थाना परिसर ले आया गया। इसकी जानकारी पुलिस निरीक्षक सह थाना प्रभारी विपिन कुमार ने दी। सदर थाना प्रभारी ने बताया कि इस मामले में 13 नामजद व एक दर्जन से अधिक अज्ञात के विरुद्ध मामला दर्ज किया गया है।आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी अभियान चलाया जा रहा है। जल्द ही मामले में संलिप्त आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।


