भास्कर न्यूज | बालोद छत्तीसगढ़ कर्मचारी अधिकारी फेडरेशन का तीन दिवसीय आंदोलन बुधवार को नया बस स्टैंड पर चला। हड़ताल के कारण जिले के विभागीय कामकाज ठप रहा। जिला अस्पताल में डॉक्टर्स, स्टाफ नर्स और चतुर्थ श्रेणी के कर्मचारी भी हड़ताल में शामिल रहे, जिससे मरीजों को इलाज में कठिनाई का सामना करना पड़ा। हड़ताल में कर्मचारियों ने अपनी 11 सूत्रीय मांगों को लेकर भारी हुंकार भरी। प्रमुख मांगों में महंगाई भत्ता, लंबित एरियर्स राशि का जीपीएफ खातों में समायोजन, केंद्र सरकार समान देय तिथि से भत्ते की व्यवस्था शामिल हैं। कर्मचारी संघों ने तीन दिवसीय हड़ताल को सफल बनाने के लिए एकजुटता दिखाई। हड़ताल के अंतिम दिन फेडरेशन के डेलीगेशन ने अपनी मांगों का ज्ञापन कलेक्टर दिव्या मिश्रा को मुख्य सचिव के नाम सौंपा। इस दौरान जिला प्रभारी मूलचंद शर्मा, जिला संयोजक लोकेश कुमार, महासचिव घनश्याम पुरी और अन्य संगठन प्रतिनिधि उपस्थित थे। फेडरेशन ने स्पष्ट किया कि यह आंदोलन लोकतांत्रिक और शांतिपूर्ण तरीके से किया जा रहा है और जब तक सभी मांगों पर ठोस निर्णय नहीं लिया जाता, संघर्ष जारी रहेगा। धरना स्थल पर मधुकांत यदु, राजेश घोड़ेसवार, वीरेंद्र देशलहरे, आरएम चावड़ा, चंद्रभान सिंह निर्मलकर, राधेश्याम साहू, परशुराम धनेंद्र, संदीप कुमार, अहमद रजा खान, महेंद्र कुमार साहू, राजेश उपाध्याय, रवि वर्मा, नेपाल सिंग साहू, खिलानंद साहू आदि मौजूद रहे।


