3 नंबर से चूके थे प्रभजोत, अब पंजाब-हरियाणा में टॉप कर बने एडीजे

महानगर के लिए यह गौरव का पल है। शहर के वकील प्रभजोत सिंह सचदेवा ने एक दुर्लभ उपलब्धि हासिल करते हुए पंजाब और हरियाणा दोनों राज्यों की उच्च न्यायिक सेवा परीक्षा में पहला स्थान प्राप्त किया है। इस शानदार सफलता के साथ अब वे अतिरिक्त जिला एवं सत्र न्यायाधीश के रूप में न्यायिक सेवा में कार्यभार संभालेंगे। 38 वर्षीय प्रभजोत सिंह सचदेवा पिछले 14 वर्षों से जिला अदालत, लुधियाना में वकालत कर रहे हैं। उपलब्धि पर चर्चा करते हुए उन्होंने कहा, यह सफलता किसी किस्मत का खेल नहीं, बल्कि वर्षों की मेहनत, अनुशासन और धैर्य का नतीजा है। रोजाना 11 बजे से 3 बजे तक स्टडी करते थे 2024 पहले भी दिया था तब क्लियर नहीं हुआ तब 3 नंबर से रह गया था। दोबारा मेहनत की। वाइफ रात को 1 बजे मुझे कॉफ़ी देती थी। फैमिली में पहली बार वकील बने। अब जज की कुर्सी में बैठेंगे। उन्होंने सफलता का श्रेय दिवंगत मेंटर एडवोकेट मदन लाल शर्मा को दिया, जिन्होंने उन्हें न्यायिक सेवा में जाने को प्रेरित किया था। न्यायपालिका का काम जिम्मेदारी भरा, बिना किसी डर या पक्षपात के न्याय देना न्यायाधीश का कर्तव्य न्यायाधीश की जिम्मेदारी पर बात करते हुए उन्होंने कहा कि उच्च न्यायपालिका का काम बहुत जिम्मेदारी भरा होता है। न्यायाधीश का कर्तव्य है कि वह संविधान के मूल्यों की रक्षा करे और बिना किसी डर या पक्षपात के न्याय दे। उन्होंने भरोसा दिलाया कि वे पूरी ईमानदारी, निष्ठा और कर्तव्यभाव से अपने दायित्व निभाएंगे।प्रभजोत सिंह सचदेवा ने अपने माता-पिता इंदरजीत सिंह सचदेवा और मनिंदर कौर सचदेवा, अपने भाई गुरजोत सिंह सचदेवा और अपनी पत्नी डॉ. तवणप्रीत कौर का विशेष रूप से धन्यवाद किया। उनकी पत्नी शहीद करतार सिंह सराभा डेंटल कॉलेज, में एसोसिएट प्रोफेसर हैं। उपलब्धि पर जिला बार एसोसिएशन के अध्यक्ष विपिन सागर, सचिव हिमांशु वालिया और संयुक्त सचिव रचिन सोनी सहित कई वरिष्ठ वकीलों ने उन्हें बधाई दी। उन्होंने कहा कि प्रभजोत सिंह सचदेवा की यह सफलता पूरे लुधियाना के कानूनी जगत के लिए गर्व की बात है और यह युवाओं के लिए प्रेरणा बनेगी। बकौल प्रभजोत न्यायिक सेवा की तैयारी आसान नहीं होती, लेकिन लगातार प्रयास और आत्मविश्वास से लक्ष्य हासिल किया जा सकता है। शिक्षा की बात करें तो प्रभजोत सिंह सचदेवा ने गुरु नानक इंटरनेशनल पब्लिक स्कूल, मॉडल टाउन, से स्कूली पढ़ाई पूरी की। इसके बाद उन्होंने एससीडी गवर्नमेंट कॉलेज फॉर बॉयज़, से स्नातक की पढ़ाई की, जहां वे लगातार कॉलेज टॉपर रहे। कानून की पढ़ाई उन्होंने पंजाब यूनिवर्सिटी रीजनल सेंटर, से एलएलबी के रूप में पूरी की और फिर कुरुक्षेत्र विश्वविद्यालय से एलएलएम की डिग्री हासिल की। अपनी इस बड़ी उपलब्धि पर प्रभजोत सिंह सचदेवा ने सबसे पहले ईश्वर का धन्यवाद किया। उन्होंने कहा, उनके शिक्षक, मार्गदर्शक और परिवार का सहयोग उनके लिए सबसे बड़ी ताकत रहा है।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *