प्रदेश में खाद्य सुरक्षा योजना में ई-केवाईसी करने के मामले में दौसा जिला 20वें स्थान पर है। जिले में अभी तक 43.68 फीसदी खाद्य सुरक्षा योजना से जुड़े उपभोक्ताओं ने ही केवाईसी कराई है। इसके बाद शेष बचे 63 हजार 296 उपभोक्ताओं ने 31 जनवरी तक केवाईसी नहीं कराई तो खाद्य सुरक्षा से योजना से वंचित होना पड़ सकता है। दरअसल, सरकार की महत्वपूर्ण फ्लैगशिप योजना खाद्य सुरक्षा में अधिकाधिक पात्र लोगों को लाभान्वित करने के लिए लाभार्थियों की ई-केवाईसी कराई जा रही है। इसके तहत जिले में अब तक 2 लाख 61 हजार 659 राशन कार्ड धारियों में से 1 लाख 44 हजार 925 खाद्य सुरक्षा योजना में लाभान्वित उपभोक्ताओं की केवाईसी कराई है। इसलिए नहीं हो पा रही ई-केवाईसी
जिले में 63 हजार 296 राशन कार्ड धारी उपभोक्ता, जो खाद्य सुरक्षा योजना से जुड़े हुए हैं लेकिन अभी तक ई-केवाईसी नहीं कराई है। इसमें नियमानुसार, परिवार के सभी सदस्यों की केवाईसी होती है, केवाईसी नहीं करने के पीछे प्रमुख कारण बालकों के आधार कार्ड अपडेट नहीं होना है। साथ ही परिवार में बेटियों की शादी होने के बाद भी राशन कार्ड से नाम नहीं हटवाए और राशन ले रहे हैं, सर्दी में कई बुजुर्गों के अंगूठे की निशानी मैच नहीं करती, नए नियम में वाहन मालिक व आयकर दाता, जो अब तक राशन ले रहे हैं उन्हें वसूली का डर है और अनेकों परिवारों के लोग मजदूरी के लिए बाहर चले गए। जिला रसद विभाग के अनुसार अभी तक जिले में 43.68 प्रतिशत लक्ष्य प्राप्त किया गया है। 63 हजार 296 राशन कार्ड धारी उपभोक्ता ऐसे हैं जिन्होंने ई-केवाईसी नहीं कराई है । ऐसे में विभाग द्वारा निर्धारित लास्ट डेट 31 जनवरी तक केवाईसी नहीं कराने पर खाद्य सुरक्षा के लाभ से वंचित होना पड़ सकता है।


