भास्कर न्यूज | फरीदकोट जिला फरीदकोट में बच्चों को पांच बीमारियां से बचाने के लिए पेंटावैलेंट टीके की कवरेज को बढ़ाने के उद्देश्य से विशेष टीकाकरण अभियान 31 दिसंबर तक चलाया जा रहा है। अभियान के तहत पेंटावैलेंट से वंचित बच्चों को कवर करने के लिए ग्रामीण और शहरी क्षेत्रों में विशेष टीकाकरण शिविर लगाए जा रहे हैं। इसके अंतर्गत अब तक 1303 बच्चों को कवर किया जा चुका है। जिला टीकाकरण अधिकारी डॉ. सर्वदीप रोमाना ने बताया कि अभियान के तहत पेंटावैलेंट के साथ मुकम्मल टीकाकरण किया जा रहा है और किसी भी बच्चे को टीकाकरण से वंचित नहीं रहने दिया जाएगा। शहरी और ग्रामीण क्षेत्रों व प्रवासी मजदूरों के बच्चों को इस मुहिम के अंतर्गत कवर किया जा रहा है, जिससे बच्चों को खतरनाक बीमारियों से बचाया जा सके। जिला मास मीडिया अधिकारी कुलवंत सिंह ने फरीदकोट के निवासियों को इस मुहिम का पूर्ण लाभ लेने की अपील करते हुए बताया कि अभियान के अंतर्गत पांच खतरनाक बीमारियां गलघोटु, काली खांसी, टेटनस, काला पीलिया और दिमागी बुखार से बचाव के लिए पेंटावैलेंट टीका एक वर्ष तक के बच्चों को लगाया जा रहा है। उन्होंने टीकाकरण से वंचित बच्चों के मां बाप को इस अभियान के दौरान मुकम्मल टीकाकरण करवाने की हिदायत दी।


