भास्कर न्यूज | लुधियाना महाशिवरात्रि के पावन पर्व पर शिव पालनहार सेवा संघ द्वारा आयोजित भव्य रथयात्रा ने पूरे शहर को भक्ति के रंग में सराबोर कर दिया। कश्मीर नगर चौक से शुरू हुई इस यात्रा में भोले बाबा का अनोखा शृंगार मुख्य आकर्षण का केंद्र रहा। बाबा के अलौकिक रूप को देखकर ऐसा प्रतीत हो रहा था मानो भगवान शिव स्वयं अपनी बारात लेकर ब्याह रचाने निकले हों। रथयात्रा का आगाज कश्मीर नगर चौक पर पूर्ण वैदिक रीति-रिवाज और मंत्रोच्चारण के साथ हुआ। इस दौरान 31 विद्वान ब्राह्मणों ने एक साथ शंखनाद कर समूचे वातावरण को आध्यात्मिक ऊर्जा से भर दिया। पूजन और नारियल फोड़ने के बाद शिव जी का रथ आगे बढ़ा। रथ के आगे चलते हाथी और भूत-पिशाच का स्वरूप धरे अघोरियों ने माहौल को अत्यंत प्रभावी और दिव्य बना दिया। यात्रा के दौरान कलाकारों द्वारा प्रस्तुत शिव-तांडव नृत्य ने राहगीरों को मंत्रमुग्ध कर दिया। बैल पे सवार, करके अनोखा शृंगार… जैसे भक्तिमय भजनों पर श्रद्धालु झूमते और जयकारे लगाते नजर आए। यह रथयात्रा कश्मीर नगर चौक से शुरू होकर गौशाला मार्ग, डिवीजन नंबर-3, बाबा थान सिंह चौक और शृंगार सिनेमा से होते हुए वापस अपने प्रस्थान बिंदु पर संपन्न हुई। विशेष रूप से गौशाला और डिवीजन नंबर-3 चौक पर भक्तों का भारी हुजूम उमड़ा। भक्तों की सेवा के लिए शहर में जगह-जगह भव्य लंगर लगाए गए, जहां श्रद्धालुओं को हलवा, फल, दूध और विभिन्न मिठाइयों का प्रसाद वितरित किया गया। इस धार्मिक महोत्सव में विधायक अशोक पराशर पप्पी और विधायक भोला सिंह ग्रेवाल विशेष रूप से शामिल हुए। उनके साथ अश्वनी गैबी, विपन वैद और संजीव कुमार जैसे गणमान्य व्यक्तियों ने भी माथा टेका। संस्था के प्रधान साहिल बल्दी ने आयोजन की सफलता के लिए शहरवासियों का आभार व्यक्त किया। यात्रा का समापन महाकाल महाआरती परिवार द्वारा की गई भव्य आरती के साथ भक्तिमय माहौल में हुआ।


