भास्कर न्यूज | जालंधर ईजी रजिस्ट्रेशन अब लोगों के लिए मुश्किल होती जा रही है। पिछले महीनों में सब-रजिस्ट्रार कार्यालयों में कई बार ईजी रजिस्ट्रेशन का सर्वर डाउन होने के मामले सामने आ चुके हैं। सोमवार को करीब 4 घंटे सर्वर डाउन रहा जिससे रजिस्ट्रेशन के लिए ऑनलाइन फीस लॉक होने में समस्या रही और साथ ही अष्टाम और अप्रूवल को लेकर भी परेशानी हुई। सुबह 9 बजे सर्वर ठीक था लेकिन इसके बाद डाउन हो गया। इससे लोगों की परेशानी भी बढ़ गई। ईजी रजिस्ट्रेशन की सुविधा को लेकर रेवेन्यू विभाग ने कई बदलाव किए हैं। रजिस्ट्री पहले एक ही दिन में होती थी अब उसके लिए दो दिन का समय लगता है। इसके अलावा लोगों पर आर्थिक बोझ भी बढ़ गया है। तत्काल सुविधा के लिए अलग से 10 हजार रुपए लिए जा रहे हैं। ईजी रजिस्ट्रेशन के तहत टाइम स्लॉट में भी बड़ा बदलाव पिछले दिनों किया गया है। जिससे लोग लगातार परेशान हो रहे है क्योंकि अगर तय स्लॉट में पब्लिक नहीं पहुंची तो उसे अपॉइंटमेंट को रि-शेड्यूल करवाना पड़ेगा। सोमवार को सुबह से लेकर शाम तक पब्लिक की भीड़ रही। सब-रजिस्ट्रार जालंधर-1 में 71 अपॉइंटमेंट में से 62 और जालंधर-2 में 38 अपॉइंटमेंट में से 32 डॉक्यूमेंट रजिस्टर्ड हुए है। सर्वर स्लो होने के कारण रेवेन्यू में भी दिन ब दिन कमी दर्ज की जा रही है। गौर है कि पिछले दिनों भी लगातार सर्वर डाउन के मामले लगातार देखने को मिले है। जिससे आम पब्लिक परेशान रही थी। इसे लेकर जॉइंट सब-रजिस्ट्रार की तरफ से एसडीएम, जिला रेवेन्यू अधिकारी से लेकर चंडीगढ़ भी उच्च अधिकारियों को बताया गया था लेकिन सर्वर डाउन होने का स्थाई हल नहीं निकाला जा रहा है। ईजी रजिस्ट्रेशन में लगातार अभी भी बदलाव हो रहे है। सब-रजिस्ट्रार कार्यालय-1 में सर्वर डाउन होने पर बैठे अधिकारी। (दाएं) वेटिंग एरिया में पब्लिक की भीड़।


