सिरोही पुलिस ने नशीले पदार्थों की तस्करी के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए डांगा तिराहे पर 44.15 किलोग्राम डोडा पोस्त जब्त किया है। डीएसटी टीम और पिंडवाड़ा पुलिस की संयुक्त कार्रवाई में दो तस्करों को गिरफ्तार किया गया है। सिरोही एसपी अनिल कुमार के निर्देशन में चल रहे विशेष अभियान के तहत उदयपुर-पालनपुर फोरलेन स्थित डांगा तिराहे पर नाकाबंदी के दौरान एक संदिग्ध कार को रोका गया। तलाशी में कार से प्लास्टिक के बोरे में भरा हुआ 44.15 किलोग्राम डोडा पोस्त बरामद हुआ। पुलिस ने कार में सवार दो व्यक्तियों को गिरफ्तार किया है। पकड़े गए आरोपियों की पहचान बालोतरा के सिणधरी थाना इलाके के मंडावला निवासी जगदीश कुमार (26) और बाड़मेर की रेबारियों की ढाणी निवासी हेमाराम (33) के रूप में हुई है। दोनों आरोपी डोडा पोस्त के लिए आवश्यक परमिट या दस्तावेज नहीं दिखा सके। पुलिस ने मामले में कार को भी जब्त कर लिया है और आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है।


